जमशेदपुर : जमशेदपुर के एमजीएम अस्पताल के जनरल वार्ड में सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के रहने वाले महावीर पांड्या की मौत के बाद एमजीएम अस्पताल में जमकर हंगामा किया. परिजनों ने मुआवजा दिए जाने, मृतक के एक परिजन को नौकरी दिए जाने और दोषी डॉक्टर व नर्स पर कार्रवाई किए जाने की मांग को लेकर एमजीएम अस्पताल के गेट पर धरना दे दिया था. परिजनों ने गेट जाम कर दिया था. जमकर नारेबाजी की. परिजनों ने स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता के खिलाफ भी नारेबाजी की. परिजनों का आरोप है कि स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता जमशेदपुर के ही हैं, फिर भी एमजीएम की अस्पताल की व्यवस्था नहीं सुधार पा रहे हैं. यहां के डॉक्टर लापरवाही कर रहे हैं. (नीचे भी पढ़ें)

इससे मरीजों की जान जा रही है. घटना की जानकारी मिलने पर साकची थाना पुलिस मौके पर पहुंची. लेकिन पुलिस की गाड़ी धरने पर बैठे लोगों ने एमजीएम अस्पताल के अंदर नहीं जाने दी. इस पर पुलिसकर्मियों ने गाड़ी बाहर ही छोड़ दी और पुलिसकर्मी उतरकर अस्पताल के अंदर पहुंचे. इसके बाद जिला प्रशासन को सूचना दी गई. डीसी के निर्देश पर मजिस्ट्रेट निशा कुमारी और सुमित प्रकाश एमजीएम अस्पताल पहुंचे. उन्होंने मृतक के परिजनों से वार्ता की और आश्वासन दिया कि मामले की जांच कराई जाएगी और दोषी के खिलाफ कार्रवाई होगी. इसके बाद परिजनों ने धरना समाप्त किया.














