
जमशेदपुर : राज्य के पूर्व मंत्री व जमशेदपुर पूर्वी के विधायक सरयू राय ने स्वास्थ्य सुविधाओं एवं स्वच्छता के मद में अपने विधायक निधि से दिये गये उपकरण आदि के संबंध में उपायुक्त से जानकारी मांगी है. उन्होंने कहा है कि वर्ष 2018-19 में अपने विधायक निधि से 27 नवंबर 2018 को राष्ट्रीय शहरी स्वास्थ्य मिशन जमशेदपुर के आग्रह पर उन्हें एक एम्बुलेंस उपलब्ध कराया था. इसके अतिरिक्त 24 दिसंबर 2018 को राष्ट्रीय शहरी स्वास्थ्य मिशन के तहत संचालित स्वास्थ्य केन्द्रों के आसपास के मरीजों को अपातकालीन चिकित्सा सुविधा प्रदान करने के लिए तीन बाइक एम्बुलेंस उनकी मांग पर उपलब्ध कराया था. साथ ही बस्तियों की जरूरतमंद महिलाओं को सेनिटरी नैपकिन, दवायें, फोलिक एसिड, आयरन गोलियां आदि पहुंचाने के लिए 28 जनवरी 2019 को असैनिक शैल्य चिकित्सक, पूर्वी सिंहभूम को 2 ई-रिक्शा दिया था. इसके अलावा 2 मोटरसाइकिल सहित थर्मल फॉगिंग मशीन भी 25 दिसंबर 2018 को उपलब्ध कराया था, जिसमें से एक मानगो नगर निगम के लिए और दूसरा जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति के लिए था. इनका उपयोग कोविड के समय सैनिटाइजेशन के लिए किया जा सकता है. श्री राय ने उपायुक्त से कहा है कि पता करें कि वर्ष 2018-19 के उनके विधायक निधि से स्वास्थ्य सुविधाओं एवं स्वच्छता के लिए उपलब्ध कराये गये उपर्युक्त एम्बुलेंस, बाइक एम्बुलेंस, बाइक फॉगिंग मशीन, ई-रिक्शा आज किस स्थिति में हैं और इनका क्या उपयोग हो रहा है. आप सहमत होंगे कि किसी भी निधि से उपलब्ध कराये गये संसाधनों का संरक्षण एवं समुचित उपयोग एवं देखभाल संबंधित सरकारी उपक्रमों द्वारा संबंधित उद्देश्यों के लिये किया जाना चाहिए.













