जमशेदपुर : जमशेदपुर पूर्वी के विधायक सरयू राय ने मंत्री बन्ना गुप्ता के कथित तौर पर प्रतिबंधित हथियार रखने के मामले में जमशेदपुर की उपायुक्त विजया जाधव को घेरा है. सरयू राय ने इसको लेकर उपायुक्त को कार्रवाई करने को लेकर एक सूचना केसाथ ही मांग भी की है. इसमें कहा गया है कि धारा-51 के अनुसार किसी अभ्यारण्य के 10 किलोमीटर की परिधि में कोई व्यक्ति किसी भी प्रकार के हथियार के लिए लाइसेंस लेना चाहता है तो उसकी अनुशंसा मुख्य वन्यजीव प्रतिपालक से प्राप्त करना जरूरी है. अधिनियम का यह प्रावधान लाइसेंस लेने वाला और जारी करने वाला दोनों पर लागू होता है. श्री राय ने कहा है कि जमशेदपुर शहर दलमा अभ्यारण्य से 10 किलोमीटर की परिधि के अंतर्गत है. इस संदर्भ में समीक्षा होनी चाहिये कि दलमा अभ्यारण्य की अधिसूचना निर्गत होने के उपरांत जितने भी व्यक्तियों को हथियार खरीदने के लिए लाइसेंस निर्गत हुए हैं, उन्होंने मुख्य वन्यजीव प्रतिपालक से इस हेतु अनुमति प्राप्त किया है अथवा नहीं ? श्री राय ने यह भी कहा है कि झारखंड सरकार के स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता, जो जमशेदपुर के कदमा क्षेत्र के निवासी हैं, ने हाल ही में एक प्रतिबंधित पिस्तौल जी-ग्लॉक खरीदा है. (नीचे पढ़ें पूरी खबर)
उन्होंने पूछा है कि क्या उन्होंने हाथियार एवं लाइसेंस लेने के लिए उपर्युक्त अनुमति प्राप्त किया है ? क्या उन्हें लाइसेंस निर्गत करने वाले अधिकारी ने इसका सत्यापन किया है? उन्होंने बताया है कि वन्यजीव संरक्षण अधिनियम-1972 को उपर्युक्त प्रावधानों से स्पष्ट है कि बिना मुख्य वन्यजीव प्रतिपालक से अनुमति लिये लाइसेंस निर्गत होना और उस लाइसेंस के आधार पर हथियार खरीद करना दोनों ही गैरकानूनी है. वन्यजीव संरक्षण अधिनियम-1972 के प्रावधान 34 और 31 को देखने से स्पष्ट होता है कि बिना मुख्य वन्यजीव प्रतिपालक की अनुमति के ऐसे हथियार रखने वाला तथा हथियार का लाइसेंस लेने वाले व्यक्ति तीन वर्ष तक की सजा अथवा 25 हजार रूपये का अर्थदण्ड अथवा दोनों ही का भागी होगा. (नीचे भी पढ़ें)
उन्होंने बताया है कि इस मामले में कोई भी नागरिक चाहे तो न्यायालय जा सकता है. उन्होंने उपायुक्त को कहा है कि वन्यजीव संरक्षण अधिनियम-1972 के सुसंगत प्रावधानों के आलोक में पूर्वी सिंहभूम जिला के सक्षम अधिकारी ने दलमा अभ्यारण्य की अधिसूचना जारी होने के बाद मुख्य वन्यजीव प्रतिपालक की अनुमति लिये बिना अथवा उन्हें सूचित किये बिना जिस किसी को भी हथियार का लाइसेंस निर्गत किया है, चाहे वह मंत्री है या सामान्यजन, उसके लाइसेंस की समीक्षा करेंगी और इस संबंध में विधिसम्मत कार्रवाई करेंगी.














