जमशेदपुर : जमशेदपुर पश्चिमी के विधायक सरयू राय ने टाटा स्टील यूआइएसएल के प्रबंध निदेशक को पत्र लिखकर सोनारी क्षेत्र में धीमी गति से हो रहे सीवरेज निर्माण कार्य से स्थानीय नागरिकों को हो रही परेशानियों के संबंध में अवगत कराया है. उन्होंने निर्माण कार्य में तेजी लाने को कहा है ताकि लोगों को होने वाली असुविधा खत्म हो सके. श्री राय ने पत्र में लिखा है कि सोनारी के अमृता अपार्टमेंट के अंदर सीवरेज निर्माण का कार्य अधूरा होने के कारण जल जमाव हो रहा है. पानी अपार्टमेंट में प्रवेश कर जा रहा है. निर्मल बस्ती के जाहिरा कालोनी क्षेत्र में सीवरेज निर्माण का कार्य काफी धीमी गति से हो रहा है जिससे बरसात का पानी घरों में प्रवेश कर जा रहा है. गांधी रोड में भी सीवरेज निर्माण कार्य अत्यंत धीमी गति से हो रहा है. संवेदक ने गड्ढा खोदकर छोड़ दिया गया है, जिससे लोगों का आवागमन बाधित है.



