
जमशेदपुर : जमशेदपुर पूर्वी के विधायक सरयू राय ने अपने विधानसभा क्षेत्र जमशेदपुर पूर्वी के विभिन्न स्थलों पर एलईडी बेस्ड सोलर स्ट्रीट लाईट अधिष्ठापन हेतु उप विकास आयुक्त, जमशेदपुर को अपने विधायक निधि से लाभुक अंशदान की राशि 85,57,425 रुपये जरेडा के निदेशक को विमुक्त करने की अनुशंसा की है. उक्त राशि से जमशेदपूर पूर्वी विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न स्थलों पर कुल 1563 एलईडी बेस्ड सोलर स्ट्रीट लाईट लगाये जाएंगे. ज्ञात हो कि जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा क्षेत्र के कई स्थलों पर स्ट्रीट लाइट के न होने या पूर्व में लगाये गये एलईडी लाइट के खराब हो जाने के कारण अंधेरा रहता है. इसकी शिकायत स्थानीय लोगों द्वारा विधायक सरयू राय को की जाती रही है कि अंधेरा रहने के कारण कई तरह की अप्रिय घटना का भय लोगों में रहता है. विधायक सरयू राय ने अपने क्षेत्र भ्रमण के दौरान भी पाया कि कई जगह स्ट्रीट लाइट उपलब्ध नहीं है जिससे वहां अंधेरा रहता है और यदि कहीं लाइट लगे भी हुए हैं तो डीवीसी क्षेत्र में बिजली कट जाने पर बत्तियां बूझ जाती हैं और सड़क पर अंधेरा छा जाता है. विधायक सरयू राय ने इसका स्थायी समाधान हो और नवीकरणीय सौर ऊर्जा का उपयोग हो सके इसके लिए एलईडी बेस्ड सोलर स्ट्रीट लाईट लगवाने का निर्णय लिया और 8 मार्च, 2021 को जरेडा के निदेशक को पत्र लिखा था. विधायक श्री राय की अनुशंसा पर जरेडा ने पूर्वी विधानसभा का सर्वेक्षण कराने के लिए तकनीकि अभियंताओं का दल भेजा. उक्त दल ने विधायक सरयू राय के प्रतिनिधियों के सहयोग से पूरे विधानसभा का सर्वेक्षण किया और 1563 एलईडी लगवाने की आवश्यकता पायी. प्रति सोलर एलईडी की लागत 13,475 रुपये है जिसमें से राज्य सरकार द्वारा प्रति एलईडी 8,000 रुपये प्रदान किये जाएंगे, शेष राशि 5475 रुपये का अंशदान लाभुक द्वारा किया जाना था. इस प्रकार 1563 सोलर एलईडी पर कुल लाभुक अंशदान की राशि 85,57,475 की लागत आ रही थी जिसे श्री राय ने अपने विधायक निधि से प्रदान करने की अनुशंसा बुधवार को उप विकास आयुक्त से की है. श्री राय ने उप विकास आयुक्त को प्रेषित पत्र में उक्त राशि ज्रेडा को शीघ्र प्रदान करने तथा उन्हें सूचित करने के लिए कहा है.





