जमशेदपुर:एमजीएम अस्पताल मे मेडिसिन विभाग के कॉरिडोर गिरने से गंभीर रूप से घायल 90 वर्षीय रेणु देवी की मौत टीएमएच मे हो गयी . इसी हादसे मे तत्काल तीन लावारिस मरीजों की जान चली गयी थी. बहुत कम लोगो को पता होगा, कि उन्ही तीन मृतकों मे एक 60 वर्षीय श्रीचंद तांती भी थे जो रेणु देवी के पुत्र थे, वे नेत्रहीन थे. आज मदर्स डे है, रेणु देवी हमेशा एक आदर्श माता के रूप मे याद की जाएगी. उनकी मौत की कहानी भी एक माता के पुनीत कर्तव्यों के निर्वहन की यादगार एवं लाज़बाब कहानी है, जो हमेशा आदर्श माता के रूप मे अनेक माताओ को प्रेरणा देगी. रेणु देवी विगत लगभग तीन वर्षो से मुझसे एवं रोटी बैंक के संपर्क मे थी और रोटी बैंक के एमजीएम मे लगने वाले शिविर से नियमित भोजन प्राप्त करती थी. वो हमेशा दो थाली भोजन लेकर जाती थी. पूछने पर बताती थी कि एक थाली मेरे नेत्रहीन पुत्र श्रीचंद तांती के लिए है. (नीचे भी पढे)

रेणु देवी ने बताया था कि रोटी बैंक से हर दिन मिलने वाला भोजन ही उनके और उनके नेत्रहीन पुत्र का अंतिम सहारा है. रेणु देवी ने कहा था कि वो मानगो के संकोसाई एवं आसपास के क्षेत्र के घरों मे झाड़ू पोछा का काम भी करती थी, ताकि उनके पुत्र की जरूरतों को पूरा कर सकू. उम्र के अंतिम पायदान मे कदम रख चुकी रेणु देवी, शरीर से बेहद कमजोर थी, बावजूद भी वह एमजीएम से मानगो संकोसाई तक अक्सर पैदल सफर करती थी. उनका पूरा जीवन अपने नेत्रहीन पुत्र को समर्पित था. अपने पुत्र की जरूरतों का ख्याल रखना और निश्चिन्त समय पर पहुंच कर रोटी बैंक से भोजन लेना कभी नहीं भूलती थी. नेत्रहीन पुत्र के साथ रेणु देवी एमजीएम के गैरेज क्षेत्र मे ही फुटपाथ मे रहती थी और अपने पुत्र का पूरा ध्यान रखती थी. रेणु देवी को अपने पुत्र के आंखों के ईलाज की काफ़ी चिंता रहती थी, उन्होंने इस बारे मे रोटी बैंक से सहयोग भी मांगा था. (नीचे भी पढे)
हमने रोटरी स्टील सिटी जमशेदपुर की मंजू भामरा के सहयोग से एक ब्लाइंड स्टीक भी श्रीचंद को डोनेट किया था. रेणु देवी की पुत्र मोह ने ही उन्हें मौत तक पंहुचा दिया. सालों साल एमजीएम अस्पताल के फुटपाथ मे रहने वाली रेणु देवी को किसी ने बताया कि एमजीएम अस्पताल, डिमना के नए भवन मे शिफ्ट होने वाला है. जिस कारण एमजीएम के पुरानी बिल्डिंग मे रहने वाले लावारिस मरीजों को किसी आश्रम मे शिफ्ट करने की योजना है. यह सुनकर रेणु देवी ने अपने नेत्रहीन पुत्र को एमजीएम मे भर्ती करवा दिया था, ताकि उसकी मौत के बाद भी उसका नेत्रहीन पुत्र बेसहारा ना होने पाए. इसी बीच एमजीएम का कॉरिडोर गिर गया तत्काल श्रीचंद की मौत हो गयी. रेणु देवी ने अपना सारा जीवन एक आदर्श माता के रूप मे अपने नेत्रहीन पुत्र को समर्पित कर दिया. पुत्र की मौत के चार दिन बाद उसने भी टीएमएच मे दम तोड़ दिया. लोग बताते है कि रेणु देवी अपने पुत्र के पास चली गयी, ताकि वहां भी वह उसका ख्याल रख सके. रोटी बैंक परिवार रेणु देवी को आज मदर्स डे पर श्रद्धा सुमन अर्पित करते हुए उन्हे नमन करता है.














