जमशेदपुर : टाटा स्टील की अधीकृत यूनियन टाटा वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष संजीव चौधरी टुन्नु और डिप्टी प्रेसिडेंट शैलेश सिंह ने नयी दिल्ली में इंटक के सम्मेलन के दौरान जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो से नयी दिल्ली में मुलाकात की. इस दौरान उन लोगों के बीच सौहार्दपूर्ण वातावरण में बातचीत हुई. इस दौरान अध्यक्ष संजीव चौधरी टुन्नु ने कहा कि जमशेदपुर में अब शहर से बाहर निकलने और अंदर आने वाले रास्तों पर फ्लाइओवर बनाने की जरूरत हो गयी है. इसको लेकर पहल करने की जरूरत है. हवाई जहाज की कनेक्टिविटी को भी दुरुस्त करने की मांग की ताकि जमशेदपुर और पूरे कोल्हान को एयर कनेक्टिविटी से जोड़ा जा सके, जिस तरह देवघर जिला को जोड़ा गया है. अध्यक्ष ने टाटा स्टील के कर्मचारियों की ओर से यह भी कहा कि आगामी संसद के सत्र में इन मुद्दों को जरूर उठाये ताकि जमशेदपुर के लोगों को लाभ हो सके. भारत सरकार द्वारा मजदूरों पर लगाये गये नये टैक्स को भी कम करने की मांग की गयी. इस दौरान सांसद ने कहा कि वे इन मुद्दों को जरूरत संसद में उठायेंगे. एयरपोर्ट की जहां तक बात है तो वए खुद इसमें लगे हुए है. फ्लाइओवर का प्रस्ताव पहले से ही दिया जा चुका है.













