
जमशेदपुर : जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो ने 17 दिसंबर को मुराकाटी शाखा नहर के निर्माण हेतु लोकसभा में मामले को उठाया था. सांसद श्री महतो के मामला उठाने के पश्चात लोकसभा सचिवालय के द्वारा इस संबंध में जल शक्ति मंत्रालय, भारत सरकार को पत्र निर्गत किया गया है . पत्र के माध्यम से जल शक्ति मंत्रालय से कहा गया है कि इस संबंध में 1 माह के भीतर वे अपना रिपोर्ट इस संबंध में संसदीय कार्य मामले के मंत्रालय को समर्पित करें. इसके पश्चात जल शक्ति मंत्रालय के द्वारा एक पत्र जल संसाधन विभाग को जारी किया गया है जबकि एक दूसरा पत्र जल शक्ति मंत्रालय के जल संसाधन विभाग के द्वारा जारी किया गया है. इसके माध्यम से इस विषय को झारखंड सरकार के प्रधान सचिव, जल संसाधन विभाग, केंद्रीय जल आयोग नई दिल्ली के मुख्य अभियंता, मुख्य अभियंता एलजीबीओ, पटना एवं निदेशक सीडब्ल्यूसी रांची को निर्गत किया गया है. इस पत्र के माध्यम से इन सभी को कहा गया है कि अधिक महत्वपूर्ण मामले के अंतर्गत सांसद के द्वारा यह विषय उठाया गया है और इस संबंध में समुचित कार्यवाही एवं वस्तुस्थिति से तुरंत अवगत कराया जाए. संबंधित विभागों एवं मंत्रालय को लोकसभा का पत्र आने के पश्चात सांसद श्री महतो ने कहा कि यह एक अति महत्वपूर्ण मामला है और जिसके कारण बड़ी संख्या में पूर्वी सिंहभूम के किसान सिंचाई की योजना से वंचित हो रहे हैं इसलिए इस संबंध में यथाशीघ्र कार्रवाई अपेक्षित है जो कि काफी लंबे समय से लंबित पड़ी हुई है. सांसद ने आशा व्यक्त किया कि जल्द ही निकट भविष्य में इससे संबंधित समुचित समाधान निकल पाएगा.






