
जमशेदपुर : जमशेदपुर के बर्मामाइंस थाना अंतर्गत सिदो कान्हो बस्ती निवासी सपना किन्नर का शव बस्ती में ही नाले के किनारे से बरामद किया गया है. सपना बीते पांच दिनों से लापता थी. इस मामले में बर्मामाइंस पुलिस को भी सूचना दी गई थी. इधर मंगलवार सुबह स्थानीय लोगों ने एक शव देख पुलिस को सूचित किया. शव सड़ी-गली अवस्था में था. सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. मृतक की पहचान 22 वर्षीय सपना किन्नर के रूप में की गई है. सपना मूल रूप से भागलपुर की रहने वाली थी. (नीचे भी पढ़ें)

वह 11 मार्च से ही घर से निकली थी, फिर वापस नहीं लौटी. इस संबंध में मृतका की गुरु सावित्री किन्नर ने स्थानीय थाना में शिकायत की थी. स्थानीय लोगों ने बताया कि सपना का पति धीरज छपरा में रहता है, वह कुछ दिनों पहले ही आया हुआ था. धीरज के साथ उसका अक्सर विवाद होता रहता था. बस्ती के लोगों ने पति धीरज पर हत्या का शक जताया है. इधर पुलिस धीरज की तलाश के लिए छापेमारी कर रही है. धीरज के हिरासत में आने के बाद ही मामला साफ हो पाएगा.






