
जमशेदपुर : जमशेदपुर के जोजोबेड़ा स्थित नुवोको विस्तास कॉर्प लिमिटेड कंपनी के मुख्य गेट को ठेका मजदूरों ने जाम कर दिया. ठेका मजदूरों का नेतृत्व चंदन पांडेय कर रहे थे. इन लोगों का कहना था कि मजदूरों से मजदूरी करायी जा रही है, लेकिन समय पर वेतन नहीं दिया जा रहा है. ठेका मजदूर रोज कमाने और खाने वाले है और उनको समय पर पैसे नहीं मिलेगी तो फिर वे लोग क्यों काम करेंगे. इसको लेकर सुबह के वक्त ड्यूटी जाने के पहले ही ठेका मजदूरों ने गेट का घेराव कर दिया और नारेबाजी करने लगे. बाद में वहां मौके पर गोविंदपुर और टेल्को की पुलिस पहुंची और मामले में हस्तक्षेप किया. इसके बाद आला अधिकारियों ने वार्ता शुरू की, जिसके बाद तय हुआ कि शुक्रवार को सबको वेतन दे दिया जायेगा. इसके बाद मामला शांत हुआ. करीब एक घंटे तक मजदूरों का यह जाम चलता रहा. इस आंदोलन में मजदूर नेता चंदन पांडेय, अभिषेक कुमार, दीपू कुमार, अमन कुमार आदि लोग मौजूद थे.






