जमशेदपुर: जमशेदपुर के बिरसानगर ओम कांवरियां सेवा संघ इस वर्ष 15वां वर्षगांठ मना रहा है और हर साल की तरह इस बार भी संघ ने कांवड़ यात्रा में आए लाखों श्रद्धालुओं की सेवा करने का संकल्प लिया है. इस वर्ष अनुमान है कि लगभग डेढ़ लाख कांवरियों को संघ की ओर से सेवा दी जाएगी. यह सेवा शिवभक्तों को बाबानगरी “शिवलोक” तक ले जाने और उनके ठहरने, भोजन एवं स्वास्थ्य की समुचित व्यवस्था कराने के लिए की जाती है. संघ के अध्यक्ष पप्पू सिंह के नेतृत्व में शनिवार को प्रेस कांफ्रेंस की गयी, जिसमें उन्होंने बताया कि इस बार कांवरियों के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं. उनके विश्राम हेतु 350 बेड का विशाल व्यवस्था की गयी है, जिससे थके हुए श्रद्धालु आराम से विश्राम कर सकें. साथ ही पैरों की थकान दूर करने के लिए विशेष मसाज मशीनों की भी व्यवस्था की गयी है. सफाई व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान दिया गया है ताकि सभी श्रद्धालु स्वच्छ और शांत वातावरण में रह सकें. कांवरियों के स्वास्थ्य को देखते हुए डॉक्टरों की एक टीम हमेशा सेवा में तत्पर रहेगी. कुल 10 डॉक्टरों को इस सेवा में लगाया गया है, जो 24 घंटे स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराएंगे. संघ का उद्देश्य है कि कोई भी भक्त किसी भी तरह की परेशानी महसूस न करे और उसे हर संभव सहायता मिले. (नीचे भी पढ़ें)

उपाध्यक्ष संचा लकड़ा ने बताया कि इस बार संघ को डेढ़ लाख कांवरियों की सेवा करने का सौभाग्य प्राप्त हो रहा है. उन्होंने कहा कि यह हमारे लिए गर्व की बात है कि हमें शिवभक्तों की सेवा का अवसर मिल रहा है. इसके अलावा तीनों समय-सुबह, दोपहर और रात में- भजन कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा. भजन के माध्यम से कांवरियों को आध्यात्मिक ऊर्जा और मन की शांति प्राप्त होगी. संघ के सदस्यों ने बताया कि इस बार यात्रा को और अधिक व्यवस्थित और भव्य बनाने के लिए विशेष व्यवस्था की गयी है. जल, शुद्ध भोजन, आरामदायक ठहरने की व्यवस्था के अलावा हर कदम पर कांवरियों की सेवा में स्वयंसेवक लगे रहेंगे. जगह-जगह पानी के स्टॉल, फल वितरण, मेडिकल कैंप और पैरों के लिए विशेष उपचार केंद्र बनाए गए हैं. इस आयोजन का उद्घाटन 10 तारीख को बड़े धूमधाम के साथ किया जाएगा. उद्घाटन अवसर पर समाज के कई गणमान्य लोग और वरिष्ठ सदस्य उपस्थित रहेंगे. संघ का मानना है कि शिवभक्तों की सेवा करना ही सच्ची भक्ति और पुण्य का काम है. संघ के सभी सदस्य तन, मन और धन से इस कार्य में जुटे हुए हैं. ओम कांवरियां सेवा संघ ने पिछले 15 वर्षों में सेवा के माध्यम से जो उदाहरण प्रस्तुत किया है, वह समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत है. इस बार भी संघ ने अपने सेवाभाव और समर्पण से यह साबित कर दिया कि श्रद्धालुओं की सेवा से बड़ा कोई धर्म नहीं है.











