जमशेदपुर : टाटा स्टील वर्क्स परिसर में तांबे के केबल चोरी करने की कोशिश का मामला सामने आया है. कंपनी के कोल यार्ड केबल टनल और एलडी-1 क्षेत्र में अलग-अलग समय पर केबल काटकर चोरी करने का प्रयास किया गया. दोनों घटनाओं में कंपनी के सुरक्षा विभाग की तत्परता से चोरों की कोशिश नाकाम हो गई. एक आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया गया. पकड़े गए आरोपी की पहचान जुगसलाई निवासी मो बाबू के रूप में हुई है. सुरक्षा कर्मियों ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की और आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद बिष्टुपुर पुलिस को सौंप दिया. पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने में जुटी है कि चोरी की कोशिश में उसके साथ और कौन-कौन लोग शामिल थे. (नीचे भी पढ़ें)
जानकारी के अनुसार, कंपनी के कोल यार्ड केबल टनल और एलडी-1 क्षेत्र में चोरों ने कीमती तांबे के केबल को काटकर बाहर ले जाने की तैयारी की थी. सुरक्षा विभाग को इसकी जानकारी मिलते ही टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की. सुरक्षा कर्मियों की सक्रियता के कारण आरोपी चोरी का सामान लेकर परिसर से बाहर निकल पाता, इससे पहले ही उसे पकड़ लिया गया. (नीचे भी पढ़ें)
सुरक्षा टीम की कार्रवाई से करीब 2.05 लाख रुपये मूल्य का केबल चोरी होने से बच गया. दोनों प्रयासों में कंपनी की संपत्ति को बाहर ले जाने की कोशिश की गई थी, लेकिन निगरानी व्यवस्था के कारण वारदात को रोक लिया गया. घटना के बाद कंपनी की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सतर्कता बढ़ा दी गई है. पुलिस आरोपी से पूछताछ के आधार पर चोरी के प्रयास के पीछे सक्रिय गिरोह और अन्य संभावित आरोपियों की जानकारी जुटा रही है. साथ ही, यह भी पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि कंपनी परिसर में केबल की गतिविधियों की जानकारी आरोपियों तक कैसे पहुंची.
टाटा स्टील परिसर में पहले भी कीमती केबल और उपकरणों को निशाना बनाने के प्रयास सामने आते रहे हैं. ऐसे मामलों में कंपनी का सुरक्षा विभाग लगातार निगरानी और गश्त करता है. ताजा कार्रवाई में सुरक्षा कर्मियों की तत्परता से न केवल आरोपी पकड़ा गया, बल्कि कंपनी की लाखों रुपये की संपत्ति भी चोरी होने से बच गई.




