
जमशेदपुर : जमशेदपुर में दुकानों और मार्केटिंग कांप्लेक्स या प्रतिष्ठानों के सामने पार्किंग नहीं होने के बावजूद पार्किंग करने वालों के खिलाफ कार्रवाई को तेज किया जायेगा. जमशेदपुर अक्षेस, मानगो नगर निगम और जुगसलाई नगर पर्षद की ओर से इसको लेकर प्लान तैयार किया गया है. इसके तहत दुकानदारों और प्रतिष्ठान के संचालकों के खिलाफ 15 हजार रुपये का जुर्माना लगाने की तैयारी की गयी है. उक्त प्लान को अमल में लाने के पहले सारी बातों पर विचार किया जा रहा है. नगर विकास विभाग की ओर से इसको अमल में लाया जा रहा है, जिसके लिए रांची के अलावा जमशेदपुर के तीनों नगर निकाय के एरिया में यह व्यवस्था लागू की जा रही है. ऐसे भवनों को चिन्हित किया जा रहा है, जहां हमेशा सड़क पर सुबह से शाम तक गाड़ियां खड़ी करायी जाती है. ऐसे सभी प्रतिष्ठानों और दुकानदारों को नोटिस भेजकर चेतावनी दी जायेगी कि वे अपने ग्राहकों और कर्मचारियों की गाड़ी पार्किंग एरिया में ही कराये. ऐसा नहीं करने पर जुर्माना लगाया जायेगा. नोटिस का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ 15 हजार रुपये का जुर्माना लगाया जायेगा. सड़क पर खड़े वाहनों को भी जब्त किया जायेगा जबकि वाहन मालिक को एमवीआइ और परिवहन कानूनों के तहत कार्रवाई की जा रही है.




