
जमशेदपुर : बिजली से संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए आजसू पार्टी ने मंगलवार को करनडीह स्थित झारखंड विद्युत वितरण विभाग के कार्यपालक अभियंता कार्यालय के समक्ष प्रदर्शन किया. साथ ही अपनी मांगों से संबंधित एक ज्ञापन सौंपकर जल्द से जल्द समस्याओं के समाधान करने की मांग की. साथ ही कहा कि यदि समस्याओं का समाधान नहीं होता है, तो पार्टी बाध्य होकर उग्र आंदोलन करेगी. परसुडीह प्रमथनागर में 100 केवी की जगह 200 केवी का ट्रांसफार्मर लगाने, बंद पड़े ट्रांसफार्मर को जल्द चालू करने, परसुडीह क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले विभिन्न टोला मोहल्ला में बिजली से संबंधित समस्याओं को जल्द से जल्द दूर करने, जर्जर खंभों को अविलंब बदलकर नए खंभे लगाने, कुछ क्षेत्रों में जर्जर अर्थिंग के तार को ठीक करने आदि संबंधी मांगों को लेकर आजसू पार्टी के जिला उपाध्यक्ष मानिक मलिक के नेतृत्व में बस्तीवासी व पार्टी कार्यकर्ता झारखंड विद्युत वितरण विभाग के कार्यपालक अभियंता के कार्यालय पहुंचे और प्रदर्शन किया. तत्पश्चात मांगों से संबंधित एक मांग पत्र कार्यपालक अभियंता को सौंपा. इस संबंध में मानिक मलिक ने बताया कि बिजली से संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए कुछ महीने पहले कार्यपालक अभियंता को एक ज्ञापन सौंपकर जल्द से जल्द समस्याओं को दूर करने की मांग की गई थी. बावजूद समस्याएं जस की तस बरकरार हैं. उन्होंने कहा पुनः समस्याओं को दूर करने के लिए कार्यपालक अभियंता से मुलाकात की गई और 5 दिनों का समय दिया गया है. इन 5 दिनों के अंदर अगर विभाग द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की गई, तो सड़क पर उतरकर आंदोलन के लिए सभी बाध्य होंगे, जिसकी जवाबदेही विभाग की होगी.






