जमशेदपुर : स्वदेशी जागरण मंच से संबद्ध पर्यावरण पहल की समिति की एक बैठक रविवार को बिष्टुपुर स्वदेशी कार्यालय में आयोजित हुई. बैठक में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए. पर्यावरण पहल के संयोजक मनोज सिंह ने बताया कि आज अपने जिलें, राज्य और पूरे देश में कई संगठन हैं जो लगातार पर्यावरण संरक्षण पर जागरूकता अभियान एवं पौध रोपण का कार्यक्रम चला रहे हैं. हमारी सरकार और विश्व के कई देश भी पर्यावरण के प्रति सजग हो कर इसके संरक्षण की नीतियां तैयार कर रही हैं, बावजूद इसके आज पृथ्वी का वातावरण लगातार गर्म हो रहा है. अब समय आ गया है जब सभी पर्यावरण हितैषी संगठन एक हो कर एक ठोस रणनीति बनाएं, जिससे पर्यावरण की रक्षा कम और एक निर्धारित समय के भीतर की जा सके. यह तभी संभव है जब देश की जनता स्वयं इस अभियान मे सम्मिलित हो. (नीचे भी पढ़ें)

इसके लिए पर्यावरण पहल की टीम ने जुलाई, अगस्त और सितम्बर माह में 600 पौध रोपण और जन जागरण के कार्यक्रम तय किये हैं. सबकी सहमति से पर्यावरण संरक्षण के लिए कुछ नये आयाम जोड़े गए हैं, जैसे ध्वनि प्रदूषण, जल संरक्षण, वायु प्रदूषण, ऊर्जा संरक्षण, बायोगैस, रेन वाटर हार्वेस्टिंग एवं इलेक्ट्रॉनिक उपक्रमों का सही उपयोग करने के लिए जन जागरण, जिन पर संगठन कार्य करेगा. स्वदेशी जागरण मंच के प्रान्त प्रचार प्रमुख अमित मिश्रा ने 2016 से संगठन के द्वारा चलाये गए कोल्हान क्षेत्र में 8000 पौधरोपण का अभियान, क्षेत्र के कॉलेजों एवं स्कूलों में पर्यावरण टॉक, क्लीन दलमा अभियान, पर्यावरण संरक्षण के लिए जन जागरुकता रैली एवं अन्य कार्यक्रमों को बैठक में रखा. उन्होंने वन विभाग और सारे सहयोगी, जिन्होंने इस अभियान को सफल बनाने में मदद की, उन्हें पूरी टीम की ओर से विशेष बधाई दी. उन्होंने जानकारी दी कि इस वर्ष भी डीएफओ सबा आलम के सहयोग से 500 पौधे उचित मूल्य पर उपलब्ध करा दिए गए हैं. उन्होंने जमशेदपुर वासियों से पर्यावरण पहल के फेसबुक पेज https://www.facebook.com/share/1DEdyJngAo/ से जुड़ने की अपील की और सभी से पर्यावरण संरक्षण के लिए सुझाव साझा करने की भी अपील की. (नीचे भी पढ़ें)
बैठक में प्रमुख रूप से वर्कर्स कॉलेज के प्रो अमर सिंह, स्वदेशी जागरण मंच के प्रान्त युवा प्रमुख पंकज सिंह, प्रान्त पर्यावरण प्रमुख डॉ अनिल राय, भाजपा नेत्री रीता मिश्रा, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से प्रो पुष्कर बाला एवं सुजीत कुमार, एबीएम कॉलेज के प्रो नवनीत सिंह, दंत चिकित्सक डॉ सतबीर सिंह सैनी, घाटशिला के भाजपा नेता बबलू प्रसाद, वरिष्ठ नागरिक संगठन के टीवीआर राजू, संघ के तृतीय वर्ष प्रशिक्षित देव कुमार आदि उपस्थित रहे.







