
जमशेदपुर : समाजवादी पार्टी के सांसद रहे और अभी उत्तर प्रदेश से राज्यसभा सांसद अमर सिंह का देहांत शनिवार को सिंगापुर में हो गया. वे 64 साल के थे. उनके निधन से राजनीतिक जगत शोकाकुल है. जमशेदपुर के लोग भी शोक में डूब चुके है. स्वर्गीय अमर सिंह को जमशेदपुर के लोग भी याद कर रहे है. अमर सिंह जमशेदपुर में कई बार आये है. समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष जब कांग्रेस के वर्तमान में झारखंड सरकार के मंत्री बन्ना गुप्ता थे, तब समाजवादी पार्टी की राष्ट्रीय कार्यसमिति की एक बैठक जमशेदपुर में आयोजित हुई थी. उस वक्त अमर सिंह वर्ष 2003 में आये थे. अमर सिंह के साथ उस वक्त पूरी 41 लोगों की राष्ट्रीय कार्यसमिति आयी थी, जिसमें खुद उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव शामिल थे.

मुलायम सिंह यादव और अमर सिंह के चहेते माने जाने वाले बन्ना गुप्ता के आग्रह पर जमशेदपुर के बिष्टुपुर स्थित होटल सोनेट (उस वक्त नाम होटल रिजेंट था) में राष्ट्रीय कार्यसमिति की बैठक आयोजित की गयी थी. पहली बार उत्तर प्रदेश के बाहर राष्ट्रीय कार्यसमिति की बैठक हुई थी, जिसमें मुलायम सिंह यादव और अमर सिंह की जोड़ी ने समाजवादी पार्टी को राष्ट्रीय पार्टी बनाने का खाका तैयार किया था जिसके बाद से समाजवादी पार्टी को राष्ट्रीय पार्टी की मान्यता भी दी गयी थी. अमर सिंह ने उस वक्त कहा था कि झारखंड की धरती से समाजवादी पार्टी का नया अवतार होने वाला है.

अमर सिंह ने उस वक्त कहा था कि मुलायम सिंह यादव से अर्जुन मुंडा को सीखना चाहिए कि किस तरह सरकार चलाया जाता है. उस वक्त झारखंड में अर्जुन मुंडा की सरकार थी. इस राष्ट्रीय कार्यसमिति की बैठक में अमर सिंह के अलावा आजम खान समेत तमाम लोग मौजूद थे. अमर सिंह इसके अलावा समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी बन्ना गुप्ता के लिए वोट मांगने के लिए मानगो गांधी मैदान, साकची आमबगान, कदमा गणेश पूजा मैदान समेत कई जगहों पर रैली भी कर चुके है.







