
जमशेदपुर : जमशेदपुर से सटे आदित्यपुर इंडस्ट्रियल एरिया स्थित पेप्सिको बॉटलिंग प्लांट के अंदर बुधवार को एक हादसे में एक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना के बाद कर्मचारियों की मदद से घायल को इलाज के लिए टीएमएच ले जाया गया, जहां जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया गया. मृतक का नाम तारकेश्वर सिंह (55) है, वह आरआइटी के बेल्डीह बस्ती का रहने वाला था.
इधर, घटना की सूचना कर्मचारियों ने उसके परिजनों को दी. सूचना पाकर परिजन मौके पर पहुंचे पर तब तक कंपनी के कर्मचारी मौके से फरार हो चुके थे. इधर, अस्पताल में मौजूद मृतक के दिव्यांग बेटे श्रवण सिंह ने बताया कि उनके पिता काफी समय से कंपनी में चालक का काम करते थे. कंपनी के कर्मचारियों ने उन्हें फोन कर बताया कि पिताजी एक दुर्घटना में घायल हो गए है. जब वे अस्पताल पहुंचे तो पता चला।की पिताजी की मौत हो चुकी है. उन्होंने बताया कि उन्हें सूचना दी गई थी कि कंपनी परिसर के अंदर दो वाहनों के बीच दबने से उनकी मौत हुई है. फिलहाल वे कंपनी से उचित मुआवजे की मांग कर रहे है.






