जमशेदपुर : जमशेदपुर के गोविंदपुर इलाके के लोग पाईपलाइन से बहते पानी से त्रस्त हैं. पानी सप्लाई शुरू होते ही लीकेज के कारण पूरा सड़क जलमग्न हो जाता है और लाखों लाख लीटर पानी रोजाना बर्बाद हो रहा है. बता दें कि यह जलपूर्ति योजना लगभग 237 करोड़ की थी जो अब तक अधूरा है. जिन इलाकों में पानी की पाईपलाइन बिछाई गई है, उस पाईपलाइन में काफ़ी ज्यादा लीकेज है, संवेदक भी कार्य को बीच में अधूरा छोड़कर फरार हो चुके हैं. लीकेज के कारण जैसे ही पानी की सप्लाई शुरू होती है, वैसे ही लीकेज से पानी सड़कों पर बहना शुरू हो जाता है. इससे सड़कों में गड्ढे बन गए हैं. स्थानीय जिला परिषद सदस्य पारितोष सिंह के अनुसार विभाग से इसकी शिकायत कर थक चुके हैं, लेकिन कोई लाभ नहीं हुआ. उन्होंने अपने स्तर पर कई लीकेज को बंद करवाया, लेकिन वो नकाफ़ी है. ज़बतक सरकारी स्तर पर इसका समाधान नहीं होता तब तक यह समस्या जस की तस बनी रहेगी.




