
Jamshedpur : जिला प्रशासन तथा भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी, पूर्वी सिंहभूम द्वारा कोविड -19 के दौरान कोरोना से पीड़ित रोगियों का इलाज प्लाज्मा थैरेपी से सफल बनाने के उद्देश्य से चलाये जा रहे प्लाज्मा डोनेशन अभियान के तहत आज दो लोगों ने जमशेदपुर ब्लड बैंक में प्लाज्मा डोनेशन किया। पहला डोनेशन सीआरपीएफ मुसाबनी के जवान राजेश कुमार तथा दूसरा डोनेशन एन दिनेश कुमार ने किया।
रेड क्रॉस तथा ब्लड बैंक की टीम ने डिप्टी क्लक्टर स्मिता नागेशिया तथा सीआरपीएफ के कमाण्डेन्ट स्तर के अधिकारी डॉ बिजय मोहन तथा ब्लड बैंक के प्रशासक संजय चौधरी के नेतृत्व में 10 सितम्बर को सीआरपीएफ के सरायकेला दुगुनी कैम्प में भी कोरोना मुक्त हुए 13 जवानों की जांच की। जिले के उपायुक्त तथा रेड क्रॉस के अध्यक्ष सूरज कुमार ने लोगों की जीवन रक्षा हेतु कोरोना मुक्त हुए उन सभी लोगों से प्लाज्मा डोनेशन के लिए आगे आने की अपील की है। जिनको कोरोना संक्रमण से निगेटिव हुए 14 दिन पूरे हो गये हैं, वे प्लाज्मा का दान कर सकते हैं।






