जमशेदपुर: जमशेदपुर के टेल्को थाना क्षेत्र में सोमवार को एक महिला से छिनतई की घटना के बाद उस समय हड़कंप मच गया जब पुलिस से बचने के दौरान बदमाशों ने फायरिंग कर दी.जानकारी के अनुसार चार युवक बाइक पर सवार होकर टेल्को क्षेत्र में पहुंचे थे. आरोप है कि उन्होंने एक महिला से छिनतई की घटना को अंजाम दिया. घटना के बाद महिला द्वारा शोर मचाए जाने पर पुलिस ने चारों युवकों का पीछा शुरू कर दिया.पुलिस से बचने के प्रयास में युवक भागते हुए सिदगोड़ा स्थित सूर्य मंदिर के पास पहुंचे. (नीचे भी पढ़े)

इसी दौरान दो युवक गलती से जैप कैंप परिसर में घुस गए जहां मौजूद पुलिसकर्मियों ने उन्हें पकड़ लिया.बताया जा रहा है कि पकड़े जाने के दौरान बदमाशों ने खुद को बचाने के लिए फायरिंग भी की. इसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को काबू में कर लिया और उनके पास मौजूद हथियार को जब्त कर लिया.हालांकि इस घटना में किसी के घायल होने की कोई आधिकारिक पुष्टि अब तक पुलिस की ओर से नहीं की गई है. वहीं फरार दो आरोपियों की तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है. मामले की जांच जारी है.







