जमशेदपुर: गोविंदपुर थाना क्षेत्र के लुआबासा में पुलिस पर पथराव और सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने के मामले में पुलिस ने कड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है. थाना प्रभारी के बयान पर 13 नामजद आरोपियों समेत 150 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है.मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उज्ज्वल महतो, मंगल करुआ और सपन राय को गिरफ्तार कर लिया है. वहीं अन्य आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. (नीचे भी पढ़े)
विदित हो कि लुआबासा में सोमवार को हुए एक सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई थी. घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया. इसी दौरान पुलिस मौके पर पहुंची तो कुछ लोगों ने पुलिस टीम पर पथराव कर दिया, जिससे स्थिति तनावपूर्ण हो गई. पुलिस ने मामले को नियंत्रित करते हुए जांच शुरू की और संबंधित आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की.पुलिस का कहना है कि कानून व्यवस्था बाधित करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.








