जमशेदपुर : जमशेदपुर के बर्मामाइंस थाना क्षेत्र अंतर्गत कैरेज कॉलोनी स्थित सेवा आश्रम से अपहृत तीन वर्षीय आर्यन महानंद को पुलिस ने महज छह घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर लिया. बच्चे को पश्चिम बंगाल पुलिस के सहयोग से खड़गपुर स्टेशन के समीप से बरामद किया गया. मामले में पुलिस ने कैरेज कॉलोनी मुस्लिम बस्ती निवासी 42 वर्षीय असलम खान को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार, 4 सितंबर को दिन के करीब तीन बजे समीर महानंद के तीन वर्षीय पुत्र आर्यन महानंद का अपहरण कर लिया गया था. इस संबंध में कुंती महानंद की शिकायत पर बर्मामाइंस थाना में मामला दर्ज किया गया. मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर नगर पुलिस उपाधीक्षक के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई. तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर पुलिस ने अपहृत बच्चे और आरोपी का पीछा करते हुए पश्चिम बंगाल तक पहुंच बनाई. (नीचे भी पढ़ें)
इसके बाद पश्चिम बंगाल पुलिस के सहयोग से खड़गपुर स्टेशन के समीप आर्यन को सकुशल बरामद कर लिया गया. पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान आरोपी असलम खान ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है. पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, असलम खान पूर्व में गोलमुरी थाना में भी शिकायत दर्ज है. छापेमारी टीम में बर्मामाइंस थाना प्रभारी कुमार सरयू आनंद, पुअनि दुति कृष्ण महतो तथा सशस्त्र बल के जवान शामिल थे. फिलहाल गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है.




