जमशेदपुर : जमशेदपुर के कदमा थाना क्षेत्र के रामजनमनगर में युवक को गोली मारने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अनिल सोना उर्फ रिंकू और कृष्णा सोना के रूप में हुई है. घटना में गंभीर रूप से घायल संजय तांडी को बेहतर इलाज के लिए रांची के रिम्स अस्पताल रेफर किया गया है, जहां उनका इलाज जारी है. जानकारी के अनुसार, गुरुवार रात रामजनमनगर में किसी बात को लेकर विवाद हुआ था. इसी दौरान आरोपियों ने संजय तांडी के मुंह में सटाकर गोली मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना के बाद उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया. (नीचे भी पढ़ें)
इस मामले में घायल संजय तांडी की बहन संतोषी तांडी के बयान पर कदमा थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है. शिकायत में पड़ोसी अनिल सोना उर्फ रिंकू और कृष्णा सोना को नामजद आरोपी बनाया गया है. पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. वहीं, उनकी निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल किए गए हथियार की बरामदगी के लिए छापेमारी की जा रही है. पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है.







