जमशेदपुर : शुक्रवार की रात जुगसलाई थाना पुलिस ने पार्वती घाट के पास एंटी क्राइम चेकिंग अभियान चलाते हुए बाइक सवार दो संदिग्ध युवकों को पकड़ा. जांच के दौरान दोनों के पास से एक देशी पिस्टल, कई जिंदा गोलियां, दो मोबाइल फोन और एक बाइक बरामद की गयी. इनमें से एक आरोपी नाबालिग है जबकि दूसरा मो. रेहान बिष्टुपुर थाना क्षेत्र का निवासी बताया गया है. शनिवार को सिटी एसपी कुमार शिवाशीष ने पुलिस ऑफिस में आयोजित प्रेसवार्ता में पूरे मामले का खुलासा किया. उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि दोनों संदिग्ध किसी आपराधिक वारदात की फिराक में थे. फिलहाल दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गयी है. पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि हथियार उन्हें किससे और किन उद्देश्यों से मिले. इसके लिए आरोपियों को रिमांड पर लेकर पूछताछ की जाएगी. (नीचे भी पढ़ें)

सिटी एसपी ने बताया कि एसएसपी के निर्देश पर चलाए जा रहे एंटी क्राइम अभियान का मुख्य उद्देश्य अवैध हथियारों के चलन पर रोक लगाना है. उन्होंने कहा कि ‘जमशेदपुर में हथियार लेकर घूमने की प्रवृत्ति अपराधियों की मोडस ऑपरेंडी बन चुकी है, जिसे हर हाल में तोड़ना आवश्यक है.’ पुलिस टीम लगातार शहर के विभिन्न इलाकों में चेकिंग अभियान चला रही है ताकि असामाजिक तत्वों पर नकेल कसी जा सके.











