जमशेदपुर : जमशेदपुर में नशा के खिलाफ अभियान में उलीडीह थाना पुलिस को सफलता मिली है, जहां गांधी मैदान में अवैध रूप से ब्राउन शुगर बिक्री करते एक अभियुक्त जितेंद्र कुमार उर्फ जितु (32) को गिरफ्तार किया है. उसके पास से 22 पुड़िया ब्राउन शुगर (4.12) ग्राम और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया है. कांड का उद्भेदन करते हुए शनिवार को थाना प्रभारी मो शारीक अली ने बताया कि एसएसपी को सूचना मिली कि उलीडीह के गांधी मैदान में कुछ लोगों के द्वारा अवैध रूप से ब्राउन शुगर का बिक्री किया जा रहा है. (नीचे भी पढे़ं)
सिटी एसपी के निर्देशन पर पटमदा डीएसपी के नेतृत्व में एक छापामारी दल का गठन किया गया. छापामारी दल शुक्रवार रात्रि 11 बजे गांधी मैदान पहुंची. तभी पुलिस बल को देखकर वहां एकत्रित व्यक्ति इधर उधर भागने लगे. इसी क्रम में पुलिस बल के द्वारा दौड़ाकर एक अभियुक्त को पकड़ा गया और उसकी तलाशी लेने पर उसके पास से ब्राउन शुगर और मोबाइल जब्त की गयी. वहीं फरार अभियुक्तों की तलाश जारी है और गिरफ्तार अभियुक्त को जेल भेज दिया गया है.



