जमशेदपुर : जमशेदपुर के आजादनगर थाना पुलिस ने समकालीन अभियान के तहत संपत्ति मूलक अपराध में वांछित एक वारंटी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है. गिरफ्तार आरोपी की पहचान मोहम्मद तौफीक उर्फ बाबू के रूप में हुई है. उसकी उम्र करीब 25 वर्ष बताई जा रही है. पुलिस के अनुसार आरोपी मोहम्मद शफीक का पुत्र है और उसका स्थायी पता आजादनगर रोड नंबर 01 का रहने वाला है. पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि वारंटी आरोपी अपने इलाके में छिपकर रह रहा है. सूचना के सत्यापन के बाद आजादनगर थाना पुलिस की एक विशेष टीम गठित की गयी. टीम ने योजनाबद्ध तरीके से छापेमारी कर आरोपी को उसके ठिकाने से धर दबोचा. गिरफ्तारी के दौरान किसी प्रकार का विरोध या अप्रिय स्थिति नहीं हुई. (नीचे भी पढ़ें)
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने विधिसम्मत प्रक्रिया पूरी करते हुए आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया. पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपी के विरुद्ध पूर्व से ही संपत्ति से जुड़े मामलों में वारंट लंबित था और वह लंबे समय से फरार चल रहा था. इस संबंध में थाना प्रभारी ने बताया कि समकालीन अभियान के तहत क्षेत्र में अपराध नियंत्रण को लेकर लगातार कार्रवाई की जा रही है. उन्होंने कहा कि थाना क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने और अपराधियों पर शिकंजा कसने के लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क है. आगे भी वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी का अभियान तेज़ी से जारी रहेगा, ताकि आम लोगों में सुरक्षा का भरोसा बना रहे और अपराधियों में कानून का भय कायम हो.











