जमशेदपुर : जमशेदपुर के बिरसानगर थाना क्षेत्र के जोन नंबर 3 में स्थित एक किराना दुकान से चावल और आटा की बोरियों की चोरी का मामला सामने आया है. मामले की सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को चोरी गए सामान के साथ गिरफ्तार कर लिया है. फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है. (नीचे भी पढ़ें)
इस घटना के भुक्तभोगी रिंकू प्रसाद हैं, जो बिरसानगर जोन नंबर 5 गिट्टी मशीन काली मंदिर के पास के रहने वाले हैं. रिंकू प्रसाद ने इस संबंध में बिरसानगर थाना में शिकायत दर्ज कराई है. शिकायत में उन्होंने जोन नंबर 3 डी ब्लॉक निवासी लालू तंतुबाई को आरोपी बनाया है. पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए आरोपियों में बिरसानगर जोन नंबर वन बी झंडा चौक का रहने वाला सुरज मार्डी (उम्र 19 वर्ष) और लालू तंतुबाई शामिल हैं. पुलिस के अनुसार, पहले लालू तंतुबाई को हिरासत में लिया गया था. पूछताछ के दौरान उसकी स्वीकारोक्ति के आधार पर सुरज मार्डी को भी गिरफ्तार किया गया. (नीचे भी पढ़ें)
बताया जा रहा है कि चोरी की यह घटना 24 जनवरी से 26 जनवरी के बीच की है. इस दौरान रिंकू प्रसाद ने अपनी किराना दुकान नहीं खोली थी. 30 जनवरी को उन्हें चोरी की जानकारी मिली, जिसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचित किया. पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई की और दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया.




