
जमशेदपुर : जमशेदपुर में वर्ष 2017 में एलआरडीसी रहे लक्खीचरण बास्के के घर पर शुक्रवार को सुंदरनगर पुलिस द्वारा इश्तेहार का ढोल बाजा के साथ तामिला किया गया. इस दौरान पुलिस ने ढोल बजाकर उनके घर के बाहर इश्तेहार चस्पा किया. लक्खीचरण बास्के के खिलाफ सुंदरनगर थाना में 96 लाख रुपये गबन करने का मामला दर्ज है. इस संबंध में लक्खीचरण बास्के के अलावा स्वर्णरेखा परियोजना के कैशियर राम नगीना गुप्ता, अमीन रुद्र प्रसाद आचार्य, जमीन कारोबारी गणेश मूर्मु, मुखिया लक्ष्मी सोय और विभीषण सरदार को भी आरोपी बनाया गया था. हालांकि सभी ने कोर्ट से जमानत ले ली थी. (नीचे भी पढ़ें)
वर्तमान में लक्खी चरण बास्के गोड्डा में पदस्थापित हैं. सुंदरनगर पुलिस दो दिन पहले लक्खीचरण बास्के की तलाश में गोड्डा गयी थी, लेकिन वे फरार थे. बता दें कि साल 2017 में लक्खीचरण बास्के स्वर्णरेखा परियोजना के एलआरडीसी थे. उस दौरान नहर निर्माण के लिए सुंदरनगर के जोन्ड्रागोड़ा निवासी मोंगला मुर्मू की जमीन का अधिग्रहण किया गया था. इसके बदले मोंगला को 91.93 लाख रुपये मुआवजा दिया गया था. लक्खीचरण पर आरोप है कि उन्होंने अपने साथियों के साथ मिलकर मोंगला के अलावा अन्य ग्रामीणों के मुआवजे के रुपये को गलत तरीके से हड़प लिए थे.






