
जमशेदपुर : डुमरिया से 9 लाख की फिरौती के लिए अपहृत आयुर्वैदिक दवा विक्रेता टुम्पु बेसरा (62) को पुलिस ने 24 घंटे के भीतर पश्चिम बंगाल राज्य के पुरुलिया जिलान्तर्गत जयपुर थाना क्षेत्र से सकुशल बरामद कर लिया है. इसके साथ ही पुलिस ने अपहरण कांड के मुख्य साजिशकर्ता चितरंजन महतो उर्फ चितो समेत उसके चार साथियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस की गिरफ्त में आए चितरंजन का अपराधिक इतिहास रहा है. वह जमशेदपुर के बिष्टुपुर थाना तथा पुरुलिया जिला के बंदवान थाना से जेल जा चुका है. (नीचे भी पढ़ें)
यह है मामला
बीते शनिवार को अपहृत व्यक्ति टुम्पु बेसरा के परिजनों द्वारा डुमरिया थाना में काण्ड दर्ज कराया गया कि टुम्पु बेसरा, जो घुम-घुमकर पूजा-पाठ एवं आयुर्वेदिक दवा बनाकर बेचने का काम करते हैं. उनका अपहरण अज्ञात लोगों द्वारा कर लिया गया है तथा उनको छोड़ने के लिए 9 लाख रुपये फिरौती मांगी जा रही है अन्यथा जान से मार देने की धमकी दी जा रही है. इस संबंध में डुमरिया थाना में काण्ड दर्ज कर वरीय पुलिस अधीक्षक महोदय के निर्देशानुसार पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) महोदय द्वारा पुलिस उपाधीक्षक, मुसाबनी के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया. इस टीम द्वारा काफी प्रोफेशनल तरीके से त्वरित कार्रवाई करते हुए मात्र 24 घंटों के भीतर पश्चिम बंगाल राज्य के पुरुलिया जिलान्तर्गत जॉयपुर थाना क्षेत्र में छापामारी कर अपहृत व्यक्ति टुम्पु बेसरा को सकुशल बरामद किया तथा अन्य थाना क्षेत्रों में छापामारी करते हुए अपहरण में संलिप्त 4 अपराधकर्मियों को गिरफ्तार कर लिया गया. गिरफ्तार अपराधकर्मियों से प्रारंभिक पूछताछ से ज्ञात हुआ है कि इस अपहरण का मुख्य साजिशकर्ता चितरंजन महतो उर्फ चितो महतो है. उसी ने अपने सहयोगी दयाल पोईड़ा एवं अन्य एक के सहयोग से षड्यंत्र कर टुम्पु बेसरा को एक बीमार व्यक्ति का ईलाज करने के नाम पर पुरुलिया में बुलाया गया. वहां से झूठ बोलकर ईलाज के लिए उन्हें मुकुंदपुर में अपराधकर्मी हैदर शाह उर्फ मनबुल शाह उर्फ मनोज नामक अपराधकर्मी के घर में ले जाकर बंधक बना लिया. उसके बाद अपराधकर्मियों द्वारा अपहृत व्यक्ति के परिजनों को फोन कर जान मारने की धमकी देकर फिरौती के रूप में 9 लाख रूपये की मांग की जा रही थी. पुलिस की पूछताछ में यह भी पता चला है कि इनलोगों द्वारा अगस्त 2022 में भी उड़ीसा राज्य के बारीपदा निवास दो व्यक्तियों का भी इसी तरीके से अपहरण कर साढ़े सात लाख रूपये की फिरौती ली गयीं थी. इस संबंध में पीड़ित व्यक्ति से संपर्क कर अग्रेतर कार्रवाई की जा रही है. पुलिस काण्ड में फरार 2 अन्य अपराधकर्मियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. (नीचे भी पढ़ें)
इनकी हुई गिरफ्तारी
चितरंजन महतो उर्फ थितो महतो,जानजोड़ा थाना बंदवान, दयाल पाइडा, कुंचियाटोला, कुँवरडीह, थाना बंदवान, हैदर साह उर्फ मनबुल साह मुकुन्दपुर, थाना जॉयपुर, कृतिवास कालिन्दी उर्फ राहुल कालिन्दी, सिलफोट, थाना जॉयपुर, सभी जिला पुरुलिया, पश्चिम बंगाल. पुलिस ने गिरफ्तार लोगों के पास से एक मोबाइल सेट बरामद किया है.
छापेमारी दल में यह शामिल
पुलिस की छापेमारी दल में चन्द्रशेखर आजाद, पुलिस उपाधीक्षक, मुसाबनी, पुलिस अवर निरीक्षक संजीवन उरॉव, थाना प्रभारी, डुमरिया थाना, पुलिस अवर निरीक्षक संजीव कुमार झा थाना प्रभारी, जादूगोड़ा थाना, पुलिस अवर निरीक्षक राजा दिलावर थाना प्रभारी मुसाबनी थानाष पुलिस अवर निरीक्षक अभिषेक कुमार डुमरिया थाना, पुलिस अवर निरीक्षक कामता कुमार, डुमरिया थाना, पुलिस अवर निरीक्षक मणिकान्त कुमार, गुडाबन्दा थाना और डुमरिया थाना के रिजर्व गार्ड एवं सशस्त्र बल शामिल थे.







