
आरोपी नितिन. 
आरोपी राजीव.
जमशेदपुर : जमशेदपुर के टाटा स्टील में खुद को भारत सरकार के कानून मंत्रालय का प्रधान सलाहकार बता कर नौकरी दिलवाने का दबाव बनाने वाले नितिन कुमार गुप्ता और उनकी पत्नी शिखा गुप्ता को बिष्टुपुर पुलिस ने गिरफ्तार किया है, वहीं इनकी निशानदेही में पुलिस ने रांची के अरगोड़ा निवासी राजीव को भी गिरफ्तार किया है. इनके खिलाफ बिष्टुपुर थाने में टाटा स्टील के सिक्योरिटी सीनियर मैनेजर महेश प्रसाद के बयान पर 11 जून 2020 को मामला दर्ज कराया गया था. इसके बाद से पुलिस इनकी तलाश कर रही थी. महेश प्रसाद द्वारा पुलिस को बताया गया था कि नितिन ने अपने पास से एक विजिटिंग कार्ड दिखाया जिसमें भारत सरकार का लोगो लगा हुआ था और उस पर कानून मंत्रालय का प्रधान सलाहकार लिखा हुआ था. उसके साथ शिखा गुप्ता भी थी जो खुद को उनका पर्सनल सेक्रेट्री बता रही थी. दोनों ने उन्हें 13 लोगों का रिज्यूम दिया और कंपनी में नौकरी देने का दबाव बनाने लगे. दोनों दिल्ली के प्रीत विहार थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं. पुलिस ने जब इन्हें गिरफ्तार किया तो इन्होंने रांची के अरगोड़ा थाना क्षेत्र के निवासी राजीव का भी नाम बताया. उन्होंने खुलासा किया कि यह कई कंपनियों में जाकर प्रधान सलाहकार बता कर सभी को नौकरी दिलाने का काम करते हैं. अब तक इन्होंने डेढ़ सौ से ज्यादा लोगों को नौकरियां दिलाई है. इनके खिलाफ जयपुर एसओजी और दिल्ली क्राइम ब्रांच में भी मामला दर्ज है. फिलहाल पुलिस ने तीनों को जेल भेज दिया है.















