जमशेदपुर : टेल्को थानांतर्गत टेल्को कॉलोनी स्थित गोल्ड लाइन लॉजिस्टिक कार्यालय से सूमो कार चोरी के मामले का स्थानीय पुलिस ने खुलासा कर दिया है. पुलिस ने चोरी गयी सूमो बरामद करने के साथ ही मामले के पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है. इसके साथ ही पुलिस ने आरोपियों के पास से घटना के वक्त इस्तेमाल में लायी गयी एक मोटरसाइकिल व दो मोबाइल फोन बरामद कर जब्त कर लिया है. घटना 21 अप्रैल की है. अज्ञात चोरों द्वारा टेल्को कॉलोनी स्थित गोल्ड लाईन लॉजीस्टिक कार्यालय के सामने से सूमो कार (जेएच 05बीई 4288) की चोरी कर ली गयी थी. इस सम्बन्ध में वादी के लिखित आवेदन के आधार पर टेल्को थाना मामला दर्ज किया गया था. (नीचे भी पढ़ें)
इस कांड के अनुसंधान एवं छापेमारी के लिए जिले के एसएसपी द्वारा सहायक पुलिस अधीक्षक नगर के नेतृत्व में एक छापेमारी दल का गठन किया गया. इस दल के द्वारा गत 26 मई 22 को अनुसंधान एवं छापेमारी के क्रम में रविन्द्र कुमार उर्फ गुड्डू, चन्द्रशेखर जायसवाल उर्फ गुंजन जायसवाल, हरविन्द्र सिंह उर्फ मोंटी, तूफान मंडल और शिव कुमार पटेल उर्फ छोटू को गिरफ्तार किया गया. इन लोगों की निशानदेही पर काण्ड में चोरी गयी सूमो वाहन जिसमे अभियुक्तों द्वारा दूसरे टाटा सूमो गोल्ड वाहन का फर्जी नम्बर लगाया हुआ था को बरामद किया गया. घटना को अंजाम देने में प्रयुक्त वाहन पैशन एवं मोबाइल फोन को भी बरामद कर जब्त किया गया है. उल्लेखनीय है कि इस काण्ड के मुख्य अभियुक्त चन्द्रशेखर जायसवाल उर्फ़ गुजन जायसवाल पूर्व में भी हत्या, अपहरण, आर्म्स एक्ट एवं चोरी के कई मामलों में विभिन्न थानों से जेल जा चुका है.







