जमशेदपुर: जुगसलाई पुलिस ने एक व्यक्ति की हत्या की कथित साजिश का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर आजाद खटाल मैदान की झाड़ियों से हत्या में इस्तेमाल किए गए दो भारी धारदार लोहे के हथियार और एक अवैध देसी कट्टा बरामद किया है. पुलिस के अनुसार, घाघीडीह जेल में बंद आरोपी मो. खुर्शीद उर्फ भाकुड़ के गिरोह द्वारा मो. निजाम की हत्या कराने की साजिश रची जा रही थी.पुलिस के अनुसार, 19 सितंबर को मो. निजाम, निवासी पहलवानडेरा, जुगसलाई ने पुलिस को सूचना दी थी कि घाघीडीह जेल में बंद मो. खुर्शीद उर्फ भाकुड़ अपने गिरोह के सदस्यों के सहयोग से उसकी हत्या कराने का लगातार प्रयास कर रहा है.(नीचे भी पढ़े)

सूचना के आधार पर वरीय पुलिस अधीक्षक के आदेश पर पुलिस अधीक्षक के निर्देशन और डीएसपी विधि-व्यवस्था सुमित कुमार के नेतृत्व में टीम गठित कर जांच शुरू की गई.जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि मो. आयन अली उर्फ अयान बच्चा और मो. इमरान उर्फ अलटु बच्चा ने मो. निजाम की रेकी कर भारी धारदार हथियार से उस पर हमला करने का प्रयास किया था. हालांकि, निजाम मौके से भागकर अपनी जान बचाने में सफल रहा. इसके बाद जुगसलाई थाना कांड संख्या 75/2026 दर्ज किया गया. पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर पूछताछ की. उनकी निशानदेही पर आजाद खटाल मैदान स्थित झाड़ियों से दो भारी धारदार लोहे के हथियार और एक अवैध देसी कट्टा बरामद किया गया. देसी कट्टा बरामद होने के बाद इस मामले में जुगसलाई थाना कांड संख्या 77/2026 के तहत आर्म्स एक्ट समेत अन्य धाराओं में अलग प्राथमिकी दर्ज की गई. पुलिस के मुताबिक, मो. खुर्शीद उर्फ भाकुड़ पूर्व में भी मो. निजाम की हत्या की साजिश रचने के आरोप में अपने गिरोह के अन्य सदस्यों के साथ गिरफ्तार किया जा चुका है और वर्तमान में घाघीडीह जेल में बंद है. इसकी जानकारी सिटी एसपी ललित मीणा ने दी.




