जमशेदपुर : जुगसलाई इलाके में चापड़ का खौफ कम होने का नाम नहीं ले रहा है. जुगसलाई पहलवानडेरा में एक बार फिर एक युवक पर चापड़ से हमला किए जाने का मामला सामने आया है. घटना 13 सितंबर की बताई जा रही है. मामले में पुलिस ने छह दिन बाद प्राथमिकी दर्ज कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापामारी जारी है. इस मामले में गरीब नवाज कॉलोनी स्थित नसीम मैरिज हॉल के पास रहने वाले निजाम ने जुगसलाई थाना में लिखित आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज कराई है. आवेदन में गरीब नवाज कॉलोनी निवासी खुर्शीद उर्फ भाकुड़, अयान और इमरान के अलावा जुगसलाई गौरीशंकर रोड निवासी पल्टू बच्चा को आरोपी बनाया गया है. (नीचे भी पढ़ें)
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अयान और इमरान को गिरफ्तार कर लिया है, हालांकि, गिरफ्तार आरोपियों के पास से घटना में इस्तेमाल किया गया चापड़ बरामद नहीं हुआ है. पुलिस के अनुसार खुर्शीद उर्फ भाकुड़ की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापामारी की जा रही है. उसकी गिरफ्तारी के बाद घटना में प्रयुक्त चापड़ बरामद होने की संभावना जताई जा रही है. स्थानीय लोगों के अनुसार, खुर्शीद, अयान और इमरान का इलाके में पहले भी विवाद और आपराधिक घटनाओं को लेकर नाम सामने आता रहा है. स्थानीय स्तर पर खुर्शीद को गिरोह का प्रमुख बताया जा रहा है. घटना के बाद इलाके के लोगों में एक बार फिर डर का माहौल है.




