जमशेदपुर : जुगसलाई नगर परिषद् के सेवानिवृत्त चतुर्थवर्गीय कर्मियों के एक प्रतिनिधिमंडल ने शनिवार को प्रदेश भाजपा नगर निकाय प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक एवं पार्षद अनिल मोदी से मुलाकात कर अपनी विभिन्न लंबित मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा. प्रतिनिधिमंडल ने अपनी समस्याओं पर गंभीरता से गौर करते हुए शीघ्र समाधान के लिए आवश्यक पहल करने का आग्रह किया. (नीचे भी पढ़ें)
सेवानिवृत्त कर्मियों ने बताया कि उन्हें लंबे समय से पेंशन एवं अन्य देय लाभों के भुगतान में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है. ज्ञापन में मुख्य रूप से पेंशन में ₹1,000 प्रतिमाह चिकित्सा भत्ता का भुगतान, महंगाई भत्ता 50 प्रतिशत से बढ़ाकर 58 प्रतिशत करने, 7वें वेतन आयोग के लंबित एरियर का भुगतान, 6वें वेतन आयोग के एरियर का भुगतान तथा 7वें वेतन आयोग के अंतर्गत वेतन निर्धारण (फिक्सेशन) शीघ्र पूरा करने की मांग की गई है. (नीचे भी पढ़ें)
सेवानिवृत्त कर्मियों ने कहा कि पेंशन ही उनकी आय का प्रमुख साधन है और लंबे समय से लंबित भुगतान के कारण उन्हें आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है. चिकित्सा भत्ता नहीं मिलने से इलाज एवं दवाइयों का खर्च उठाना भी उनके लिए कठिन हो गया है. अनिल मोदी ने प्रतिनिधिमंडल की समस्याओं को गंभीरता से सुनने के बाद सेवानिवृत्त कर्मियों की जायज मांगों के समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों के समक्ष विषय को रखने एवं लंबित पेंशन, चिकित्सा भत्ता, महंगाई भत्ता एवं वेतन आयोग से संबंधित देय राशि के भुगतान के लिए आवश्यक पहल करने का आश्वासन दिया. प्रतिनिधिमंडल में मुख्य रूप से किशोर परिहार, खिरोद, आजाद, शांति, शोभा, सरस्वती एवं अन्य शामिल थे.




