जमशेदपुर: जमशेदपुर में परसुडीह पुलिस ने नशीले पदार्थों की खरीद-बिक्री के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 510 ग्राम गांजा के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार युवक शशि कुमार भगत (34 वर्ष), पिता शंभु कामत, निवासी छोटा गोविंदपुर का रहने वाला है. पुलिस ने उसके पास से प्लास्टिक में रखामादक पदार्थ बरामद किया है.पुलिस के अनुसार, 9 अगस्त को गुप्त सूचना मिली थी कि परसुडीह थाना क्षेत्र के खखरीपाड़ा से जादुगोड़ा जाने वाले रास्ते पर गांजा की खरीद-बिक्री होने वाली है. सूचना के बाद वरीय अधिकारियों को इसकी जानकारी दी गई और सत्यापन एवं आवश्यक कार्रवाई के लिए छापामारी टीम का गठन किया गया. पुलिस टीम ने सूचना के आधार पर मौके पर छापेमारी कर शशि कुमार भगत को पकड़ा. (नीचे भी पढ़े)

तलाशी के दौरान उसके हाथ में सफेद रंग का एक प्लास्टिक मिला. जांच करने पर 510 ग्राम गांजा पाया गया. पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह गोलमुरी के एक व्यक्ति से गांजा खरीदता था और उसे छोटी-छोटी पुड़िया बनाकर बेचता था. पुलिस अब गांजा उपलब्ध कराने वाले व्यक्ति की पहचान में जुटी है. इस मामले में परसुडीह थाना के पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी अविनाश कुमार के लिखित बयान के आधार पर परसुडीह थाना कांड संख्या 88/2026, दिनांक 9 अगस्त 2026 को एनडीपीएस एक्ट की धारा 22(b)(ii)ए के तहत मामला दर्ज किया गया है. गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. पुलिस के अनुसार, मामले में शामिल अन्य सहयोगी फिलहाल फरार हैं. उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है. पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपी से जुड़े अन्य लोग कौन हैं और इलाके में मादक पदार्थों की आपूर्ति का नेटवर्क किस तरह संचालित हो रहा था. इसकी जानकारी सिटी एसपी ने दी.







