
जमशेदपुर : जमशेदपुर के परसुडीह पुलिस ने जानेगोड़ा चौक स्थित वैष्णवी मोबाइल रिपेयरिंग सेंटर में हुई चोरी की घटना का खुलासा कर दिया है. परसुडीह पुलिस को इस घटना का सीसीटीवी फुटेज मिल गया था, जिसमें आसानी से चोर पहचान हो रहा था. पुलिस ने अपने सूचना तंत्र को मजबूत किया और इस घटना को अंजाम देने वाले एक नाबालिक लड़के के अलावा परसुडीह के रहने वाले ही अरविंद शर्मा और संदीप स्वासी को गिरफ्तार कर लिया और उसको जेल भेज दिया.
इन दोनों के पास से चोरी के सामानों को भी बरामद किया गया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है. परसुडीह थाना क्षेत्र के जानेगोड़ा चौक पर स्थित वैष्णवी मोबाइल रिपेयरिंग सेंटर में सोमवार की रात चोरों ने मोबाइल समेत अन्य सामानों की चोरी कर ली थी. करीब एक लाख के सामानों की चोरी की गयी है, जिसमें मोबाइल और अन्य एक्सेसरीज शामिल है. चोरी की पूरी घटना सीसीटीवी फुटेज में कैद हो चुकी थी. पुलिस इसके बाद से ही चोरों को पकड़ने के लिए छापामारी शुरू कर दी थी, जिसमें पुलिस को सफलता हाथ लगी.







