
जमशेदपुर : जमशेदपुर के सीतारामडेरा थाना क्षेत्र स्थित स्लैग रोड के डीएवी पटेलनगर के सामने हुए गोलीकांड के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है. पुलिस ने करीब सात आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता मिली है. सुधीर दुबे को छोड़कर लगभग सारे लोग पकड़े गये है. बताया जाता है कि हमला के वक्त प्रयोग में लाये गये स्कार्पियो और बोलेरो के अलावा बड़े पैमाने पर हथियार भी जब्त किया गया है. इसका जल्द ही पुलिस खुलासा करेगी. सिटी एसपी सुभाष चंद्र जाट खुद मामले की जांच कर रहे है और सीतारामडेरा थाना और बिरसानगर में रखकर आरोपियों से लगातार पूछताछ की जा रही है. सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, हमला करने के बाद जमशेदपुर पुलिस ने पूरे जिले को सील कर दिया गया था. इसके बाद लगातार गाड़ियों की चेकिंग की जा रही थी. बताया जाता है कि बंगाल और ओड़िशा सीमा होते हुए अपराधी भागने की तैयारी कर रहे थे. एक गाड़ी कोवाली होते हुए ओड़िशा सीमा यानी हाता चौक होते हुए तिरिंग होते हुए निकलने की कोशिश करने में पकड़े गये जबकि बहरागोड़ा के आसपास अपराधियों की एक गाड़ी के साथ पकड़ा गया, जहां से तीन पिस्तौल और हथियार पकड़े जाने की सूचना है. इसको लेकर जमशेदपुर पुलिस यह मान रही है कि पुलिस को कुछ सफलता मिली है, लेकिन इसका अधिकारिक खुलासा जल्द करने की बात कहीं जा रही है. इसका इंतजार किया जा रहा है. वैसे पुलिस की ओर से सुधीर दुबे और अखिलेश सिंह गिरोह के सारे सदस्यों की तलाश कर रही है. साकची, बागबेड़ा, बिरसानगर, बारीडीह, सोनारी और कदमा क्षेत्र में पुलिस की टीम ने लगातार छापामारी की है. पुलिस की ओर से लगातार सुधीर दुबे को पकड़ने का प्रयास किया जा रहा है. पुलिस को यह पता चला है कि सुधीर दुबे जमशेदपुर में ही है. गौरतलब है कि 29 अप्रैल की रात करीब 11 बजे अखिलेश सिंह गिरोह के सात लोगों पर सीतारामडेरा थाना क्षेत्र स्थित स्लैग रोड के पास डीएवी पटेलनगर स्कूल के पास सुधीर दुबे और उसके गैंग के लोगों ने फायरिंग कर दी थी, जिसमें सात लोग घायल हो गये थे, जिसमें से सातों घायलों का इलाज चल रहा है. इस मामले में कंहैया सिंह के बयान पर मुकदमा दायर किया गया है. पुलिस इस घटना के बाद से ही पूरे एरिया को सील कर दिया था, जिसके बाद सफलता मिली है.













