
जमशेदपुर : जमशेदपुर के मानगो थाना अंतर्गत जवाहरनगर रोड नंबर 13 के पास सोमवार को हुए फल विक्रेता से विवाद इतना बढ़ गया की मंगलवार देर शाम इलाके में दोनो पक्ष के बीच पथराव हो गया. इधर इलाके में बढ़ते तनाव को देखते हुए मानगो पुलिस मौके पर पहुंची और मोर्चा संभाला. पुलिस को देखते ही सभी मौके से फरार हो गए. इस घटना में फिलहाल किसी को चोट लगने की सूचना नहीं है. मिली जानकारी के अनुसार सोमवार को जवाहर नगर रोड नंबर 14 निवासी अफजल रोड नंबर 13 के पास फल विक्रेता तन्नू से फल खरीदने पहुंचा था. फल देने में देरी होने से दोनो के बीच विवाद हो गया. तन्नू ने अफजल पर वार कर दिया जिससे अफजल के सिर पर गंभीर चोट आई. इधर घटना के बाद जाकिर हुसैन के बयान पर तन्नू और दो अन्य पर मानगो थाना में मामला दर्ज किया गया. इधर मंगलवार की देर शाम पीड़ित पक्ष की ओर से 50 से 60 की संख्या में लोग रोड नंबर 13 के पास पहुंचे और अचानक पथराव शुरू कर दिया. दूसरे पक्ष ने भी पथराव शुरू कर दिया. इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया. हालांकि पुलिस की तत्परता से कोई बड़ी घटना नहीं घटी है. फिलहाल पुलिस सभी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है.













