जमशेदपुर : कोल्हान का प्रसिद्ध हरिणा मेला आगामी 14 जून से पोटका प्रखंड के मुक्तेश्वर धाम हरिणा मंदिर परिसर में शुरू होने जा रहा है. इस पांच दिवसीय धार्मिक आयोजन को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं. मंगलवार को पोटका विधायक संजीव सरदार ने मेला कमिटी के साथ मेला स्थल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्पष्ट किया कि श्रद्धालुओं की सुविधा और विधि-व्यवस्था सर्वोच्च प्राथमिकता होगी. विधायक ने मंदिर परिसर, मीना बाजार, पार्किंग एरिया और निर्माणाधीन बायो डायवर्सिटी पार्क का भी जायजा लिया. उन्होंने कहा कि स्वच्छता, पेयजल, बिजली, सुरक्षा और चिकित्सा व्यवस्था में कोई चूक न हो इसका खास ख्याल रखा जाए. निरीक्षण के बाद आयोजित बैठक में विधायक ने मेला समिति को प्रशासन से समन्वय बनाकर कार्य करने की अपील की. उन्होंने कहा कि हरिणा मेला केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं बल्कि पर्यटन और संस्कृति को बढ़ावा देने का अवसर भी है. इस निरीक्षण और बैठक में मंदिर कमिटी के सागर शीट, दीपंकर शीट, बजरंग दंडपात, मौथो नायक, भुवनेश्वर सरदार, फूलचंद सरदार समेत कई सदस्य उपस्थित रहे.











