जमशेदपुर: दुर्गा पूजा के मद्देनजर प्रोचेष्टा ग्रुप की ओर से रविवार को बिरसानगर हाट में जरूरतमंद सब्जी विक्रेताओं के बीच वस्त्र वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया. इस दौरान दूर-दराज के गांवों से बाजार में सब्जी बेचने पहुंचे गरीब विक्रेताओं को उनकी पसंद के वस्त्र वितरित किए गए. वितरित किए गए कपड़े पुराने जरूर थे, लेकिन उनकी स्थिति लगभग नए जैसी थी. कपड़े मिलने के बाद जरूरतमंदों के चेहरे पर खुशी और संतोष साफ नजर आया. दुर्गा पूजा से पहले नए जैसे कपड़े मिलने से उनकी खुशी और बढ़ गई. (नीचे भी पढ़े)

कार्यक्रम के दौरान बाजार में मौजूद युवा ग्राहकों ने भी उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया और प्रोचेष्टा ग्रुप के इस प्रयास की सराहना की.प्रोचेष्टा ग्रुप के स्वयंसेवक सामाजिक सरोकारों से जुड़े विभिन्न कार्यों में लगातार सक्रिय रहते हैं. संगठन की ओर से समय-समय पर पर्यावरण संरक्षण के लिए पौधरोपण तथा दूर-दराज के गांवों में बच्चों के बीच शैक्षणिक सामग्री और वस्त्रों का वितरण किया जाता है.
कार्यक्रम को सफल बनाने में सुब्रतो दास, प्रणव राय, रमेश बनर्जी, गोविंद विश्वास, दिव्येंदु भट्टाचार्जी, प्रदीप दे और गौतम साहू की उल्लेखनीय भूमिका रही.




