जमशेदपुर : धालभूम अनुमंडल दंडाधिकारी के न्यायालय ने शुक्रवार को रेल रोको आंदोलन के मद्देनज़र कड़ी निषेधाज्ञा जारी कर दी है. यह आदेश 19 सितंबर 2025 के अपराह्न से प्रभावी हो गया है और रेल टेका या रेल रोको आंदोलन की समाप्ति तक लागू रहेगा. प्राप्त सूचना के अनुसार कुड़मी को अनुसूचित जनजाति की सूची में शामिल करने और कुड़माली भाषा को संविधान की आठवीं अनुसूची में जोड़ने की मांग को लेकर झारखंड, पश्चिम बंगाल और ओडिशा के 100 रेल स्टेशनों पर 20 सितंबर 2025 से अनिश्चितकालीन रेल टेका या रेल रोको आंदोलन की घोषणा की गई है. इस संदर्भ में धालभूम अनुमंडल क्षेत्र के टाटानगर, गोविंदपुर, हल्दीपोखर और राखा माइंस रेलवे स्टेशनों पर भीड़ जुटने और रेल परिचालन बाधित होने की संभावना जताई गई है. (नीचे भी पढ़ें)
इस पर शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए अनुमंडल दंडाधिकारी इंद्रजीत सिंह ने बीएनएसएस की धारा 163 के तहत 100 मीटर की परिधि में सामान्य निषेधाज्ञा लागू कर दी है. आदेश के अनुसार निष्द्ध क्षेत्र में किसी प्रकार का धरना, प्रदर्शन, घेराव या पुतला दहन पर रोक रहेगी. किसी भी व्यक्ति को अस्त्र-शस्त्र, लाठी- डंडे, तीर- धनुष, भाला आदि लेकर जाने की अनुमति नहीं होगी. बिना अनुमति के ध्वनि विस्तारक यंत्र का प्रयोग निषिद्ध होगा. उपद्रव अथवा शांति भंग करने के उद्देश्य से पांच या पांच से अधिक व्यक्ति एकत्र नहीं हो सकते. यह आदेश प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी, पुलिसकर्मी, चिकित्साकर्मी और मीडिया कर्मियों पर लागू नहीं होगा. आदेश आंदोलन की समाप्ति तक प्रभावी रहेगा.














