जमशेदपुर: बारीडीह बाजार का रास्ता बंद किया जा रहा है. शनिवार को रास्ता बंद करने का काम टाटा स्टील कर रही है. टाटा स्टील यह रास्ता मणिपाल मेडिकल कॉलेज के लिए बंद कर रही है. रास्ता बंद होने की सूचना मिलते ही बारीडीह बाजार के दुकानदार इकट्ठा हो गए और बवाल कर दिया. हंगामा बढ़ते देख कांग्रेस के जिला अध्यक्ष आनंद बिहारी दुबे भी मौके पर पहुंच गए. बारीडीह बाजार के दुकानदारों का कहना है कि रास्ता बंद हो जाएगा तो बाजार में दमकल की गाड़ियां या डिलीवरी वैन कैसे पहुंचेंगी. उनका कहना है कि बाजार जाने का मेन रास्ता यही बचा है. दुकानदारों का कहना है कि टाटा स्टील के अधिकारी वादाखिलाफी कर रहे हैं. (नीचे भी पढ़े)
टाटा स्टील यूआईएसएल के कैप्टन धनंजय मिश्रा पहले भी रास्ता बंद करने आए थे. कई महीने पहले उनसे बात हुई थी. उन्होंने कहा था पहले बाजार जाने का वैकल्पिक रास्ता बनाया जाएगा. इसके बाद यह रास्ता बंद किया जाएगा. लेकिन उन्होंने बिना वैकल्पिक रास्ता बनाए ही रास्ता बंद करना शुरू कर दिया है. दुकानदारों ने रास्ता बंद कराने का काम ठप करा दिया है. जिलाध्यक्ष आनंद बिहारी दुबे ने कहा की टाटा स्टील अभी भी समझती है कि उसकी जमींदारी चल रही है. जहां मन आया वहां रास्ता बंद कर दिया. टाटा स्टील को यह जमीन कर्मचारियों के रहने के लिए दी गई थी. अब वह इसे किराए पर उठा रही है.



