जमशेदपुर : जमशेदपुर की उपायुक्त विजया जाधव के कुशल मार्गदर्शन, सतत् पर्यवेक्षण, सुक्ष्म समीक्षा तथा सभी पदाधिकारियों एवं कर्मियों के सतत प्रयास से आकांक्षी जिला कार्यक्रम अंतर्गत देश के 112 आकांक्षी जिलो में डेल्टा रैंकिंग के आधार पर पूर्वी सिंहभूम जिला ने प्रथम स्थान प्राप्त किया है. विशेष उपलब्धि यह है कि दूसरे एवं तीसरे स्थान पर भी स्वास्थ्य, शिक्षा एवं कृषि प्रक्षेत्र में पूर्वी सिंहभूम को ही स्थान मिला. इस अवसर पर उपायुक्त ने जिला प्रशासन की पूरी टीम को बधाई दी तथा कहा कि विशेष बधाई उन टोला, गांव, पंचायत एवं प्रखण्ड स्तर के स्वास्थ्य, शिक्षा एवं कृषि के लिए कार्यरत कर्मी एवं पदाधिकारी का जिनके अमूल्य योगदान से यह उपलब्धि हासिल हुई है. प्रयास है कि जिला प्रशासन उस लम्बी कतार के अंतिम व्यक्ति के पास पहुंचे तथा सरकार की कल्याणकारी योजनाओं से आच्छादित करते हुए हर चेहरे पर मुस्कान लाये. (नीचे भी पढ़ें)
सांसद ने दी बधाई
जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो पूर्वी सिंहभूम जिला को आकांक्षी जिलों में प्रथम स्थान आने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बधाई दी है. सांसद श्री महतो ने कहा कि प्रधानमंत्री की नीतियों का ही परिणाम है कि उन्होंने देश के पिछड़े जिलों को मुख्यधारा में लाने के लिए आकांक्षी जिला के परियोजना को सामने लाया. सांसद श्री महतो ने कहा कि देश के पिछड़े जिलों को मुख्यधारा में लाने के लिए प्रधानमंत्री मोदी ने अनेक प्रकार के योजना के लिए पारामीटर तय किए और उन्हीं के अनुरूप योजनाओं का निर्माण किया, सभी योजनाओं के लिए पर्याप्त धन उपलब्ध कराया. सांसद श्री महतो ने कहा प्रधानमंत्री ने सभी योजनाओं का कार्यान्वयन सुनिश्चित कराया. इतना ही नहीं उन्होंने इन जिलों की समय-समय पर स्वयं समीक्षा की. सांसद श्री महतो ने इसके अतिरिक्त जिला के उन सभी पदाधिकारियों को भी अपनी ओर से शुभकामनाएं दी है जिन्होंने योजनाओं को धरातल पर उतारा. साथ ही पूर्वी सिंहभूम की जनता को भी उन्होंने अपनी ओर से बधाई दी है जिन्होंने अपनी सक्रिय सहभागिता के द्वारा इन योजनाओं को सच कर दिखाया. सांसद श्री महतो ने कहा कि किसी समय में पूर्वी सिंहभूम जिला को उग्रवाद प्रभावित जिला माना जाता था लेकिन आकांक्षी जिला परियोजना के कारण आज यहाँ के सभी लोग मुख्यधारा में शामिल होकर देश के विकास में अपना योगदान कर रहे हैं.











