जमशेदपुर : झारखंड की धरती एक बार फिर गर्व से ऊंची हो उठी है. जमशेदपुर के मानगो निवासी स्नेहा कुमारी ने थाईलैंड में आयोजित अंतरराष्ट्रीय स्ट्रेंथलिफ्टिंग एवं इनक्लाइन बेंच प्रेस चैंपियनशिप 2025 में दो स्वर्ण पदक जीतकर अपने देश एवं झारखंड और लौहनगरी जमशेदपुर का नाम विश्व पटल पर रोशन किया है. सोमवार को स्नेहा के टाटानगर रेलवे स्टेशन आगमन पर भारतीय जनता युवा मोर्चा जमशेदपुर महानगर के ज़िला अध्यक्ष एवं पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष नीतीश कुशवाहा के नेतृत्व में भव्य स्वागत किया गया. इस दौरान पूरा स्टेशन परिसर देशभक्ति और नारी सम्मान के नारों से गुंजायमान रहा. स्वागत के दौरान स्वर्ण पदक विजेता स्नेहा कुमारी को पुष्पगुच्छ, अंगवस्त्र भेंटकर सम्मानित किया गया एवं बधाई व उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गयी. इस अवसर पर बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, स्थानीय युवा, खेलप्रेमी, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि एवं मीडिया कर्मी मौजूद रहे. (नीचे भी पढ़ें)

वहीं, स्नेहा कुमारी ने भी सम्मान पर हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान सिर्फ मेरा नहीं बल्कि हर उस बेटी का है जो अपने सपनों पर विश्वास रखती है. मेरा सपना है कि झारखंड की और भी बेटियां अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपने देश का परचम लहराएं. उन्होंने लौहनगरी जमशेदपुर और अपने सभी शुभचिंतकों के प्रति आभार जताया. पूर्व जिलाध्यक्ष दिनेश कुमार और ओबीसी मोर्चा के जिलाध्यक्ष सागर राय के नेतृत्व में स्नेहा को माला पहनाकर और शॉल ओढ़कर सम्मानित किया गया. दिनेश कुमार ने कहा कि राज्य की बेटी ने जमशेदपुर झारखंड और देश का नाम रोशन किया, फिर भी कोई जिला प्रशासन या खेल पदाधिकारी स्वागत को नहीं आया. यह सरकार की खेलों के प्रति उपेक्षा को दर्शाता है. उन्होंने कहा कि भाजपा सदैव खिलाड़ियों के साथ खड़ी रही है और स्नेहा जैसी प्रतिभाओं को पूरा सम्मान दिया जाएगा. स्नेहा के पिता कामेश्वर ठाकुर, भाई सौरव ठाकुर और उनके मित्रगण भी स्टेशन पहुंचे और बेटी का जोरदार स्वागत किए.



