जमशेदपुर : सोमवार की दोपहर 2 बजे झारखंड के पैडमैन के नाम से मशहूर जमशेदपुर के निश्चय फाउंडेशन के संस्थापक तरुण कुमार की जीवनी और उनके संघर्ष की कहानी दूरदर्शन के वेलडन इंडिया कार्यक्रम में प्रसारित की गई. 55 मिनट 28 सेकंड के इस डॉक्यूमेंट्री(वृतचित्र) में तरुण कुमार के द्वारा किए गए कार्यों की विस्तार पूर्वक जानकारी दी गई. बताते चले कि तरुण कुमार माहवारी स्वच्छता, शिक्षा और बाल रचनात्मकता के क्षेत्र में काम करते हैं. वेलडन इंडिया कार्यक्रम में समाज के लिए प्रेरक कहानियों पर आधारित वृतचित्र का प्रसारण किया जाता है. इस कार्यक्रम में गांव की बच्चियों, महिलाओं, शिक्षकों, स्वयंसेवकों व अन्य का भी साक्षात्कार दिखाया गया, जिन्होंने तरुण कुमार के साथ काम किया है. कार्यक्रम के दौरान तरुण के द्वारा जनभागीदारी से शुरू किए गए माहवारी स्वच्छता अभियान, पैडबैंक, वीर शहीद गणेश हांसदा फेलोशिप, पुस्तकालय समेत बच्चों, महिलाओं व युवाओं को शिक्षित करने वाले प्रयासों का विस्तार से जानकारी दी गई. (नीचे भी पढ़ें)

विगत 13 साल से भी ज्यादा समय के संघर्षपूर्ण सामाजिक सफर व चुनौतियों के बारे में बताते हुये तरुण ने कहा की हम सभी समाज के संसाधनों का उपयोग करते हुये निर्मित होते है. हम सभी जब भी सक्षम हो जाए, हमें समाज को भूलना नहीं चाहिए. समाज के छोटे बड़े समस्याओं का समाधान करने का प्रयास जरूर करना चाहिए. कोई भी प्रयास छोटा या बड़ा नहीं होता. लगातार ईमानदार नि:स्वार्थ प्रयासों से कुछ भी हासिल किया जा सकता है. तरुण कुमार बताते है कि ग्रामीण इलाकों में रह रहे लोगों को जागरुक करने पर उनका विशेष जोर है. उन्होंने बताया कि पिछले कई सालों में विभिन्न अभियानों के माध्यम से लगभग 1 लाख से ज्यादा बच्चों व लोगों को जागरुक कर चुके हैं. इस सफर में उनका साथ देने वाले सभी लोगों का उन्होंने आभार जताया है.














