जमशेदपुर : भारत के सेमीकंडक्टर मिशन के लिए 4 जुलाई का दिन ऐतिहासिक होने जा रहा है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुजरात के साणंद स्थित सीजी सेमीकॉन ओसैट प्लांट का उदघाटन करेंगे. इसी अवसर पर भारत में निर्मित पहली ‘मेड इन इंडिया’ कॉमर्शियल सेमीकंडक्टर चिप की पहली खेप वैश्विक बाजार के लिए रवाना की जाएगी. यह कार्यक्रम देश के कई राष्ट्रीय समाचार चैनलों और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर लाइव प्रसारित होगा. इस ऐतिहासिक कार्यक्रम में जमशेदपुर की बेटी तनिषा गौतम को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से सीधे संवाद करने का अवसर मिला है. कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री कंपनी के इंजीनियरों, तकनीशियनों और कर्मचारियों से बातचीत करेंगे, जिसमें तनिषा भी अपने अनुभव साझा करेंगी. यह उपलब्धि न केवल उनके लिए, बल्कि पूरे जमशेदपुर और झारखंड के लिए गर्व का विषय है. (नीचे भी पढ़ें)
तनिषा गौतम वर्तमान में गुजरात के अहमदाबाद के साणंद स्थित सीजी सेमी में डिप्लोमा इंजीनियर ट्रेनी के रूप में कार्यरत हैं और भारत के पहले कॉमर्शियल सेमीकंडक्टर प्रोजेक्ट का हिस्सा हैं. उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा केंद्रीय विद्यालय, टाटानगर से प्राप्त की. इसके बाद एनटीटीएफ-टीएसटीआई से इलेक्ट्रिकल एंड इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग में डिप्लोमा किया। करियर की शुरुआत उन्होंने हैदराबाद स्थित डॉ. रेड्डीज़ से की और वर्तमान में भारत के महत्वाकांक्षी सेमीकंडक्टर मिशन में अपनी भूमिका निभा रही हैं. कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री कर्मचारियों से उनके कार्य अनुभव, पारिवारिक पृष्ठभूमि और भारत के सेमीकंडक्टर उद्योग के भविष्य को लेकर भी चर्चा करेंगे. भारत में बनी पहली कमर्शियल सेमीकंडक्टर चिप का वैश्विक बाजार में प्रवेश इस बात का प्रतीक माना जा रहा है कि देश अब केवल तकनीक का उपभोक्ता नहीं, बल्कि विश्वस्तरीय तकनीक का निर्माता भी बन रहा है. जमशेदपुर की बेटी तनिषा गौतम की इस उपलब्धि से शहर के युवाओं में भी उत्साह है. उनकी सफलता यह संदेश देती है कि मेहनत, प्रतिभा और समर्पण के बल पर छोटे शहरों से निकलकर भी देश के सबसे बड़े तकनीकी अभियानों का हिस्सा बना जा सकता है.







