जमशेदपुर : जमशेदपुर के जुगसलाई थाना क्षेत्र स्थित एमई स्कूल रोड (महाकालेश्वर रोड) पर सोमवार रात सरकारी शराब दुकान खुलने का स्थानीय लोगों ने जोरदार विरोध किया. दुकान का बोर्ड लगाने और पूजा-अर्चना के बाद बिक्री शुरू होने की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, विशेषकर महिलाएं, मौके पर पहुंचीं और प्रदर्शन शुरू कर दिया. विरोध बढ़ने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची. भारी विरोध के बीच पहले ही दिन दुकान बंद करानी पड़ी.
स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रस्तावित दुकान के आसपास स्कूल, मंदिर, कई अपार्टमेंट और घनी आबादी वाला रिहायशी इलाका है. ऐसे स्थान पर शराब दुकान खुलने से महिलाओं, बच्चों और विद्यार्थियों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा. लोगों ने जिला प्रशासन से इस स्थान पर दी गई अनुमति को रद्द करने की मांग की. (नीचे भी पढ़ें)

कांग्रेस जिला अध्यक्ष नलिनी सिंह ने कहा कि मामले की जानकारी संबंधित विभाग और जिला प्रशासन को दे दी गई है. उन्होंने मांग की कि स्कूल, मंदिर और रिहायशी क्षेत्र के बीच संचालित होने वाली शराब दुकान को तत्काल बंद किया जाए. स्थानीय महिलाओं ने चेतावनी दी कि यदि दुकान स्थायी रूप से बंद नहीं की गई तो आंदोलन और तेज किया जाएगा. वहीं, पुलिस ने लोगों को शांत कराते हुए उनकी मांग संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाने का आश्वासन दिया.







