जमशेदपुर : जमशेदपुर के गोलमुरी थाना क्षेत्र में 13 वर्षीय नौवीं कक्षा की छात्रा के साथ कथित रूप से दुष्कर्म के प्रयास का एक बेहद संवेदनशील मामला सामने आया है. घटना के पांच दिन बीत जाने के बाद भी आरोपी के खिलाफ कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से परेशान पीड़िता की मां प्रतिभा वर्मा ने सोमवार को वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) कार्यालय पहुंचकर एक लिखित आवेदन सौंपा.उन्होंने पुलिस प्रशासन से न्याय, निष्पक्ष जांच, आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी और अपने परिवार के लिए सुरक्षा की मांग की है. एसएसपी को सौंपे गए आवेदन के अनुसार, पीड़िता की मां अपनी दो बेटियों के साथ गोलमुरी थाना क्षेत्र के चर्च रोड (जोन नंबर-7) स्थित अनिल झा के मकान में किराये पर रहती हैं. घटना 8 जुलाई की शाम करीब सात बजे की है. उस वक्त पीड़िता की मां घर के शौचालय में थीं और उनकी 13 वर्षीय बड़ी बेटी घर में अकेली थी. आरोप है कि इसी दौरान पड़ोस में रहने वाला मकान मालिक का 34 वर्षीय बेटा राजीव कुमार झा उर्फ पल्टा कथित रूप से नग्न अवस्था में जबरन घर में घुस आया. वह नाबालिग को आंगन से घसीटते हुए अपने घर ले गया और उसके साथ दुष्कर्म का प्रयास करने लगा. बच्ची की चीख-पुकार सुनकर उसकी मां शौचालय से बाहर भागीं. शोरगुल सुनकर मकान मालिक अनिल झा भी मौके पर पहुंचे, जिसके बाद किसी तरह बच्ची को आरोपी के चंगुल से छुड़ाया गया. परिजनों का कहना है कि अगर वे समय पर नहीं पहुंचते तो कोई बड़ी अनहोनी हो सकती थी. (नीचे भी पढ़ें)
आवेदन में यह भी आरोप लगाया गया है कि विरोध करने पर आरोपी ने अपने पिता अनिल झा के साथ मारपीट की. इसके बाद उसने पीड़िता, उसकी मां और छोटी बहन के साथ धक्का-मुक्की व गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी. आरोपी ने कथित तौर पर कहा कि यदि पुलिस में शिकायत की गई, तो वह मां और दोनों बेटियों की हत्या कर उन्हें कुएं में फेंक देगा. पीड़िता की मां का कहना है कि घटना के तुरंत बाद गोलमुरी थाना में लिखित शिकायत दी गई थी, लेकिन पुलिस द्वारा कोई ठोस कदम नहीं उठाए जाने के कारण पूरा परिवार गहरे खौफ और असुरक्षा के साये में जीने को मजबूर है. शिकायत में यह भी दावा किया गया है कि आरोपी राजीव कुमार झा का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है और वह पहले भी कई बार जेल जा चुका है. पीड़ित परिवार ने अब एसएसपी से मामले में त्वरित प्राथमिकी दर्ज कर सख्त कार्रवाई की मांग की है.




