जमशेदपुर : जमशेदपुर समेत कोल्हान क्षेत्र में बरसात के साथ सर्पदंश की घटनाओं में लगातार बढ़ोतरी हो रही है. पिछले दो दिनों के दौरान कई मरीज इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल पहुंचे. इस बीच दो ऐसे मामले सामने आए, जिन्होंने अस्पताल में सभी का ध्यान आकर्षित किया. चांडिल और आदित्यपुर से आए दो मरीजों के परिजन काटने वाले सांप को डिब्बे में बंद कर अस्पताल लेकर पहुंचे, ताकि डॉक्टर उसकी पहचान कर सही उपचार कर सकें. डॉक्टरों ने जांच के बाद बताया कि दोनों मरीजों को चीती (चित्ती) सांप ने काटा था, जिसके कारण उनकी हालत गंभीर हो गई थी. सभी मरीजों का इलाज अस्पताल में जारी है और चिकित्सक उनकी लगातार निगरानी कर रहे हैं. एमजीएम अस्पताल में भर्ती मरीजों में राजनगर के पद्मासाई निवासी सोमवारी सरदार (35), गम्हारिया के मुर्गाघुटु निवासी विजय मार्डी (26), मुसाबनी के कदमडीह निवासी बुद्धेश्वर भक्त, चांडिल के पुंडिसिल्ली निवासी शिव सुर मरांडी (19), बोड़ाम के कुईयानी निवासी रॉबिन पहाड़िया तथा आदित्यपुर निवासी विष्णु महारार (32) शामिल हैं. (नीचे भी पढ़ें)

ये सभी 12 और 13 जुलाई को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचे थे. स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों से बरसात के मौसम में विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है. उन्होंने सलाह दी कि खेतों, झाड़ियों और पानी भरे इलाकों में काम करते समय सावधानी रखें, जमीन पर सोने से बचें और यदि किसी व्यक्ति को सांप काट ले तो झाड़-फूंक या घरेलू उपचार के बजाय बिना देर किए नजदीकी अस्पताल पहुंचकर इलाज कराएं। विशेषज्ञों के अनुसार, समय पर चिकित्सा ही सर्पदंश से बचाव का सबसे सुरक्षित और प्रभावी उपाय है.






