जमशेदपुर : जमशेदपुर में सोमवार को डीसी कार्यालय के बाहर जोरदार प्रदर्शन देखने को मिला. टेल्को के जेम्को स्थित मछुआ बस्ती के लोगों ने अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन किया, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाएं भी शामिल हुईं. प्रदर्शनकारियों ने डीसी के नाम ज्ञापन सौंपते हुए बस्ती के सामुदायिक भवन को कब्जा मुक्त कराने की मांग की. इस दौरान डीसी कार्यालय परिसर में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बना रहा और सुरक्षा के मद्देनजर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था. प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि बस्ती के निवासी मनोज मछुआ ने सामुदायिक भवन पर कब्जा कर लिया है और अन्य लोगों को उसका उपयोग नहीं करने दिया जा रहा है. साथ ही भवन के सामने की खाली जमीन पर भी मनोज और उसके सहयोगियों द्वारा निर्माण कार्य किए जाने की बात कही गयी. लोगों का कहना है कि जब उन्होंने इसका विरोध किया तो उनके साथ मारपीट की गयी और चापड़ से हमला भी किया गया. (नीचे भी पढ़ें)
गौरतलब है कि दो दिन पहले भी मछुआ बस्ती में दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प हुई थी, जिसमें एक महिला समेत चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे. घायलों में मनोज नायक सहित अन्य का इलाज टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) में चल रहा है. उस समय विवाद की वजह डीजे बजाने को लेकर बताई गई थी, लेकिन प्रदर्शनकारियों का कहना है कि यह आरोप गलत है और असली मुद्दा सामुदायिक भवन पर कब्जे का है. प्रदर्शनकारियों ने जिला प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है.



